मेरठ के सेंट्रल मार्केट मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, 860 भूखंडों पर बनी दुकानों पर होगा फैसला

मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट मामले में सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई होगी। सुप्रीम कोर्ट ने एक अप्रैल को सुनवाई कर अगले ही दिन अनुपालन आख्या रिपोर्ट के लिए परिषद के अध्यक्ष को तलब किया था। दो अप्रैल को परिषद के अध्यक्ष एवं मुख्य सचिव आवास एवं शहरी नियोजन पी. गुरु प्रसाद ने रिपोर्ट रखी थी। इसके बाद विभाग से विस्तृत हलफनामा दाखिल करने के साथ ही 6 अप्रैल की तिथि मामले में नियत कर दी थी। ऐसे में रविवार को अवकाश के दिन भी परिषद का कार्यालय खुला और अधिकारियों ने प्रकरण को लेकर फाइलें तैयार कीं। वहीं बाजार में व्यापारियों की ओर से अपने अवैध निर्माण पर खुद ही हथौड़ा चलाया गया।
अदालत ने सोमवार को होने वाली सुनवाई में प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन पी. गुरु प्रसाद के साथ ही मेरठ के पूर्व कमिश्नर हृषिकेश भास्कर यशोद को भी पक्ष रखने के लिए तलब किया हुआ है। पूरे मामले से व्यापारियों की नींद उड़ गई है। उधर, पूर्व कमिश्नर हृषिकेश भास्कर यशोद की ओर से 27 अक्तूबर 2025 को ध्वस्तीकरण पर रोक लगाते हुए सेंट्रल मार्केट को बाजार स्ट्रीट घोषित करने के लिए मास्टर प्लान में संशोधन करने के आदेश दिए थे।
इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट के अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के आदेश के विरुद्ध माना गया। अब सभी की नजर सोमवार को होने वाली सुनवाई पर लगी हुई है। व्यापारियों में बेचैनी का माहौल है। रविवार को अवकाश के दिन भी परिषद का कार्यालय खुला और अधिकारियों ने सुनवाई को लेकर फाइलें तैयार कीं। दूसरी ओर व्यापारियों की ओर से अपने अवैध निर्माण पर खुद हथौड़ा चलाकर ध्वस्तीकरण का काम किया गया।



