अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिका: सिएटल फूड फेस्टिवल में अंधाधुंध फायरिंग, कई घायल, पुलिस जांच में जुटी

अमेरिका में फिर से लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार अमेरिका के सिएटल में आयोजित एक फूड फेस्टिवल में लोगों पर गोलियां चली है. इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के अनुसार रविवार शाम सिएटल में ‘स्पेस नीडल’ के पास एक इवेंट कॉम्प्लेक्स में फूड फेस्टिवल के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए. मालूम हो कि इससे पहले भी अमेरिका में मास शूटिंग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

घायलों में महिलाएं और बच्चा भी शामिल

बताया गया कि गोलीबारी अमेरिकी समयानुसार शाम करीब 6 बजे सिएटल सेंटर में ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फेस्टिवल के दौरान हुई. हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर की प्रवक्ता सुसान ग्रेग ने बताया कि अस्पताल में चार पीड़ितों को भर्ती कराया गया, जिनमें एक छोटा बच्चा, 23 साल का एक युवक और दो महिलाएं शामिल थीं.

वीकेंड पर फूड फेस्टिवल का किया गया था आयोजन

उन्होंने बताया कि एक मरीज की हालत गंभीर थी. मालूम हो कि सिएटल सेंटर में वीकेंड पर ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा था. शाम करीब 6 बजे बड़ी संख्या में पुलिस और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को खाली कराना शुरू किया.

सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़-भाड़ वाली जगह पर गोलियों की आवाज़ सुनाई देने और उसके बाद मची अफरा-तफरी का नजारा दिख रहा है.

चश्मदीद ने बताया- कैसे थे हालात

एपी की रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय एस्तान वाकोनाबो ने बताया कि वह और उनकी गर्लफ्रेंड फेस्टिवल में फोटो बूथ के लिए लाइन में खड़े थे, तभी उन्हें पीछे से धक्का दिया गया और मुड़कर देखने पर उन्होंने लोगों को भागते हुए देखा. वाकोनाबो ने कहा, “लोग छिप रहे थे, धक्का-मुक्की कर रहे थे, लोग जमीन पर गिर रहे थे, बच्चों की गाड़ियां गिर रही थीं.” तभी उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी.

उन्होंने कहा, “जैसे ही मैंने ‘पॉप, पॉप, पॉप’ की आवाज सुनी, मुझे पता चल गया कि कोई शूटर है. वाकोनाबो ने बताया कि अपनी गर्लफ्रेंड को सुरक्षित जगह पर पहुंचाने के बाद, वह तस्वीरें लेने के लिए घटनास्थल पर लौटे और कई पीड़ितों को जमीन पर पड़े देखा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button