अपराधएनसीआरनोएडा

ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, बेसमेंट की दीवार गिरने से 5 मजदूर दबे; 3 की मौत

नोएडा: ग्रेटर नोएडा में गुरुवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है. ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी में बेसमेंट निर्माण के दौरान अचानक से दीवार गिर गई. इस दौरान वहां काम कर रहे पांच मजदूर दीवार के नीचे दब गए. इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम को दिया गया. आनन-फानन में पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने रेस्क्यू कर दबे मजदूरों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान दो महिला सहित एक पुरुष की मौत हो गई. वहीं दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं. ठेकेदार को पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया है.

हॉस्पिटल में घायलों का इलाज जारी: पुलिस ने फायर टीम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी ग्रीन सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान दो महिला और एक पुरुष मजदूर की मौत हो गई. वहीं अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है. दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. मृतकों में 32 वर्षीय अनीता (महोबा के सिरसी गांव की निवासी), 34 वर्षीय मालती और उनके 40 वर्षीय पति पुष्पेंद्र (दोनों मकरबई, महोबा के निवासी) शामिल हैं. घायलों में महोबा के श्रीनगर के धीरेंद्र कुमार (32 वर्ष) और बुलंदशहर के ककोड़ निवासी उमेश (35 वर्ष) शामिल हैं.

एडीसीपी ने दी घटना की जानकारी: एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि ईकोटेक फर्स्ट थाना क्षेत्र स्थित आसरा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के बेसमेंट में निर्माण कार्य करने के दौरान एक दीवार गिरने से पांच लोग दब गये, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने घटना के लिए जिम्मेदार ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है. मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं. पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button