
नई दिल्ली। आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने जा रही है। फुटबॉल के महाकुंभ के बीच क्रिकेट का ये मेला भी जमकर चर्चा में है। शुक्रवार को इस वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी होने जा रही है जिसमें जमकक धमाल मचेगा।
बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर इस टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी होगी जिसमें खेल के साथ-साथ ग्लैमर और म्यूजिक का भी जमकर तड़का लगेगा। ये सेरेमनी दर्शकों को एक अलग तरह का मनोरंजक अनुभव देने के तौर पर प्लान की गई है ताकि फैंस इसे महज विश्व कप के शुरुआती कार्यक्रम के तौर से ज्यादा के रूप में याद रखें।
ये सितारे करेंगे शिरकत
इस सेरेमनी की सबसे बड़ी हाईलाइट वेस्ट एंड की पूरी टीम का परफॉर्मेंस रहेगा जिसमें एक्टर एम्मा किंग्सटन ग्लैमर का तड़का भी लगाएंगी। उनके अलावा जीजी स्ट्रालेन भी माहौल को रंगीन बनाएंगी। इनका परफॉर्मेंस सेरेमनी में चार चांद लगाएगा। ये सेलिब्रेशन इस ग्रुप के विक्ड की 20वीं वर्षगांठ भी होगा। विक्ड इस ग्रुप का सबसे चर्चित प्रोडक्शन माना जाता है।
आयोजकों की मानें तो पूरे टूर्नामेंट के 150,000 टिकट बिक चुके हैं। इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच होने वाले वर्ल्ड कप के पहले मैच से ठीक पहले ओपनिंग सेरेमनी होगी।
कैसे देखें सेरेमनी?
भारतीय समयानुसार ये सेरेमनी रात को 8:30 बजे होगी। भारत में फैंस ओपनिंग सेरेमनी को जियोहॉटस्टार पर देख सकते हैं। वहीं टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर सेरेमनी का लुत्फ लिया जा सकता है। जियोस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर ही वर्ल्ड कप के मैच प्रसारित किए जाएंगे।



