श्रीलंका दौरे पर जयशंकर, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से की मुलाकात, भारत की प्रतिबद्धता का भरोसा दिलाया

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात कर चक्रवात दित्वाह से हुए नुकसान के बाद देश के पुनर्निर्माण में भारत की पूर्ण प्रतिबद्धता का भरोसा दिलाया। जयशंकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष दूत के रूप में दो दिवसीय दौरे पर श्रीलंका पहुंचे हैं।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारत और श्रीलंका के बीच गहरे ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंध हैं और आपदा की इस घड़ी में भारत, श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत द्वारा दिया गया पुनर्निर्माण पैकेज दोनों देशों के आपसी विश्वास और मित्रता का प्रतीक है।
इस दौरान जयशंकर ने श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ और राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की मौजूदगी में उत्तरी प्रांत के किलिनोच्ची जिले में 120 फीट लंबा ड्यूल कैरिजवे बेली ब्रिज का उद्घाटन भी किया। यह क्षेत्र चक्रवात दित्वाह से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल है। 110 टन वजनी यह पुल भारत से हवाई मार्ग से लाया गया और ऑपरेशन सागर बंधु के तहत स्थापित किया गया।
इससे पहले जयशंकर ने श्रीलंका के राष्ट्रपति से भी मुलाकात की और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से संवेदना और एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि भारत श्रीलंका को 450 मिलियन डॉलर का पुनर्निर्माण पैकेज प्रदान करेगा, जिसमें सड़क, रेल और पुलों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त घरों का पुनर्निर्माण, स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र को सहायता, कृषि क्षेत्र में समर्थन और आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करना शामिल है। जयशंकर ने कहा कि भारत की नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और विजन महासागर के तहत श्रीलंका को हरसंभव सहायता दी जाती रहेगी।
श्रीलंका में भारत ने बनवाया 120 फीट लंबा बेली ब्रिज
भारत ने श्रीलंका के उत्तरी प्रांत के किलिनोच्ची जिले में 120 फीट लंबा ड्यूल कैरिजवे बेली ब्रिज स्थापित किया है। इस पुल का उद्घाटन विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायके और विदेश मंत्री विजिता हेराथ के साथ किया। यह इलाका हाल ही में आए चक्रवात ‘दित्वाह’ से बुरी तरह प्रभावित हुआ था। जयशंकर ने बताया कि 110 टन वजनी इस बेली ब्रिज को भारत से हवाई मार्ग के जरिए लाया गया और ऑपरेशन सागर बंधु के तहत स्थापित किया गया।


