अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

लापता छात्रा का रहस्य, बाल कटे, सिंदूर लगा; पुलिस जांच में जुटी

यूपी के गोरखपुर स्थित चौरीचौरा थानाक्षेत्र के पंसरही गांव से लापता हुई नाबालिग लड़की शनिवार को बदहवास स्थिति में अपने घर पहुंच गई। उसके बाल कटे हुए थे और माथे पर सिंदूर था। लड़की के आने की सूचना पर चौरीचौरा पुलिस ने उससे पूछताछ की और आगे की जांच पड़ताल में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, बीते दो जून की सुबह पंसरही गांव की एक नाबालिग लड़की सरदारनगर स्थित एक कॉलेज में पढ़ने गई थी। स्कूल से छुट्टी के बाद वह घर आने के लिए एक ऑटो में बैठी लेकिन घर नहीं पहुंची और लापता हो गई। इस संबंध में लड़की की मां ने चौरीचौरा पुलिस को तहरीर देकर लड़की के लापता होने और किसी अनहोनी की आशंका जताई थी।

पुलिस के साथ परिजन भी लड़की की तलाश में जुटे हुए थे। शनिवार को दिन में 11 बजे लापता लड़की बदहवास स्थिति में अपने घर पहुंच गई। टेलहनापार पेट्रोल पंप से बरईपार गांव को जाने वाली सड़क पर एक युवक ने लड़की को देखा तो पहचान गया। उसने लड़की को उसके घर पहुंचाया। लड़की के बाल काट दिए गए हैं। उसके माथे पर सिंदूर लगा हुआ था और स्कूल ड्रेस की जगह उसे दूसरा कपड़ा पहनाया गया था। लड़की के माथे पर चोट का भी निशान है। उसकी गर्दन पर एक मुहर भी लगा हुआ था। लड़की कुछ भी ठीक से नहीं बता पा रही है। वह बस इतना बता रही है कि जब वह ऑटो में बैठने के लिए खड़ी थी तो एक महिला ने उसे पानी पीने के लिए दिया। इसके बाद जब उसे होश आया तो वह कहां थी उसे याद नहीं है।

परिजनों ने लड़की के घर पहुंचने की सूचना चौरीचौरा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की से पूछताछ किया और जांच के लिए उसके द्वारा बताए गए स्थानों पर लेकर गई, लेकिन बताए गए स्थानों पर पहुंचने के बाद वह कुछ भी बता पाने में असमर्थ हो जा रही है। लड़की के पास से चार पन्नों का एक कागज भी मिला है, जिस पर तंत्र मंत्र से संबंधित कुछ बातें लिखी हुई हैं। पुलिस लड़की से पूछताछ कर जांच कर रही है। चौरीचौरा पुलिस ने लड़की को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है।

लड़की के मिलने के बाद उससे पूछताछ की गई है। लड़की कुछ भी बता नहीं पा रही है। मामले की जांच की जा रही है। ठोस जानकारी मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। – अनुराग कुमार सिंह, सीओ चौरीचौरा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button