ग्रेटर नोएडा में गुटखा न देने पर दुकानदार पर की फायरिंग, पेट के आर-पार हो गई गोली; हमलावर पड़ोसी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के खेड़ी भनौता गांव में सोमवार देर रात गुटखा मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया।
पड़ोसी ने लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार को गोली मार दी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 42 वर्षीय उदय प्रताप अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सुरेंद्र फौजी गुटखा लेने पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई।
लाइसेंसी पिस्टल से चला दी गोली
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र फौजी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उदय प्रताप पर फायर कर दिया। गोली दुकानदार के पेट के निचले हिस्से में लगी और आर-पार निकल गई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हालत खतरे से बाहर
पुलिस घायल उदय प्रताप को तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि गोली शरीर के अंदर नहीं फंसी और किसी आंतरिक अंग को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।
आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद
घायल के परिजनों की शिकायत पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र फौजी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
पुलिस का कहना है कि गांव में स्थिति सामान्य है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



