मनोरंजनसिनेमा

मुंबई प्रोटेस्ट: हिरासत में लिए जाने के बाद घर लौटे इमरान खान, गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन ने दिया अपडेट

मुंबई पुलिस द्वारा शनिवार को हिरासत में लिए जाने के कुछ घंटों बाद अभिनेता इमरान खान, उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन और जैन खान को रिहा कर दिया गया। तीनों मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल थे। यह प्रदर्शन अगस्त क्रांति मैदान के बाहर किया जा रहा था, जहां बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।

हालांकि, शाम करीब 4 बजे कुछ वीडियो और तस्वीरें सामने आईं, जिनमें इमरान खान, उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन और उनकी कजिन जैन खान को पुलिस जबरन एक वैन में बैठाकर किसी अज्ञात जगह ले जाती दिखाई दी।

रिहा होने के बाद लेखा ने शेयर किया वीडियो

शनिवार रात लेखा वॉशिंगटन ने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर कर बताया कि वे सभी सुरक्षित हैं और हिरासत से रिहा हो चुके हैं। उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी में लेखा, इमरान और ज़ैन घर पहुंचने के बाद एक-दूसरे को गले लगाते नजर आए।

इससे पहले लेखा ने एक अन्य रील में बताया कि रिहाई के बाद भी उन्हें घर जाने के लिए कैब नहीं मिल रही थी। उनके मुताबिक, मुंबई पुलिस कैब चालकों को धमका रही थी, जिसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।

जैन ने दी ये जानकारी

जैन खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए हिरासत के दौरान हुई घटनाओं की जानकारी दी। उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें मुंबई पुलिस उन्हें और उनके साथियों को जबरन पुलिस वैन में बैठाती दिखाई दे रही है। जैन के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें यह भी नहीं बताया कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है।

पुलिस वैन के अंदर से जैन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारे लगाती और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करती नजर आईं। सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने भी उनके नारों में साथ दिया।

पुलिस वैन में घंटों घुमाने का आरोप

प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों ने भी सोशल मीडिया पर कई वीडियो शेयर किए। इनमें इमरान खान एक प्रदर्शनकारी को बताते नजर आए कि उन्हें, लेखा और जैन को करीब दो घंटे तक पुलिस वैन में इधर-उधर घुमाया गया, लेकिन हिरासत में लेने की कोई वजह नहीं बताई गई।

एक अन्य वीडियो में इमरान और जैन पुलिस अधिकारियों से सवाल करते दिखाई दिए कि उन्हें हिरासत में क्यों लिया गया है। जैन अपने फोन से अधिकारियों की प्रतिक्रिया भी रिकॉर्ड कर रही थीं। हालांकि, पुलिस अधिकारी बिना जवाब दिए वहां से चले गए। इस पर इमरान ने उन्हें विदा करते हुए कहा, ‘जय हिंद।’

पुलिस वैन में इमरान को याद आई ‘जाने तू… या जाने ना’

हिरासत के दौरान एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला। जैन खान ने पुलिस वैन के अंदर से एक रील शेयर की, जिसमें वह इमरान खान से पूछती हैं कि क्या उन्होंने कभी घुड़सवारी की है, जेल गए हैं या किसी की पिटाई की है।

यह सवाल इमरान की साल 2008 में आई फिल्म ‘जाने तू… या जाने ना’ से जुड़ा था। अब्बास टायरवाला के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में इमरान ने जय राठौड़ का किरदार निभाया था। फिल्म में जय को सच्चा ‘राठौड़’ कहलाने के लिए घुड़सवारी करने, जेल जाने और किसी की पिटाई करने जैसी तीन शर्तें पूरी करनी होती हैं।

जैन के सवाल पर इमरान हंसते हुए कहते हैं कि उन्होंने घुड़सवारी तो की है, लेकिन असल जिंदगी में कभी किसी को नहीं पीटा। वहीं, जेल जाने के सवाल पर वह कहते हैं, ‘हो सकता है।’

क्यों हो रहा है प्रदर्शन?

  • सीजेपी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया।
  • यह विरोध मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर किया जा रहा है।
  • इसी प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई में भी कई संगठनों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर विरोध जताया।
  • पुलिस ने बिना अनुमति के प्रदर्शन करने पर कई लोगों को हिरासत में लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button