मनोरंजनसिनेमा

पवन कल्याण अस्पताल में भर्ती, हुई सर्जरी, PM मोदी ने की बात, जल्द स्वस्थ होने के लिए की प्रार्थना

सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM पवन कल्याण की शनिवार, 18 अप्रैल की शाम को हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित एक निजी अस्पताल में सर्जरी हुई और उन्हें अगले 10 दिनों तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी गई है। जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि यह एक्टर-राजनेता पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए, कई मशहूर हस्तियों, राजनेताओं और पीएम मोदी ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है और प्रार्थना की है।

PM मोदी ने पवन कल्याण के जल्द ठीक होने की कामना की

अपने X हैंडल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘मैंने आंध्र प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री श्री पवन कल्याण जी से बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। वह अदम्य साहस और वीरता से भरे व्यक्ति हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि श्री पवन कल्याण जी बहुत जल्द ठीक हो जाएंगे और मैं उनके पूर्ण स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।’ कल्याण ने PM मोदी के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, ‘धन्यवाद, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी आपके स्नेहपूर्ण शब्दों के लिए और सर्जरी के बाद मुझसे बात करने तथा मेरे स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए समय निकालने हेतु। आपकी चिंता, प्रोत्साहन और शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाए मुझे बहुत शक्ति देती हैं। मैं आपके निरंतर मार्गदर्शन, समर्थन और शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाओं के लिए सदैव आभारी रहूंगा।’

पवन कल्याण के स्वस्थ होने की प्रार्थना

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी पवन कल्याण की सर्जरी के बाद उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। नजीर ने ट्वीट में लिखा, ‘मैं कल्याण के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। ईश्वर उन्हें जल्दी स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए शक्ति प्रदान करें।’ वहीं, मुख्यमंत्री ने शनिवार देर रात X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘पवन कल्याण गारू की सर्जरी के बाद उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए मैं अपनी शुभकामनाएं भेज रहा हूं। ईश्वर करें कि वे जल्द ही ठीक हो और पहले से भी ज्यादा स्वस्थ होकर लौटें।’

पवन कल्याण की अचानक हुई सर्जरी

अभिनेता-राजनेता को अपनी आधिकारिक जिम्मेदारियां फिर से शुरू करने से पहले लगभग 10 दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई है। जन सेना पार्टी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वे पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे और शुक्रवार को एक आधिकारिक बैठक के दौरान उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button