उत्तर प्रदेशराज्‍य

एआई का इस्तेमाल कर रोकें धर्मांतरण, पुलिस मंथन में सीएम योगी ने अफसरों को समझाई तरकीब

सोशल मीडिया के दुरुपयोग, दुष्प्रचार और साइबर अपराध एवं आतंकी नेटवर्क जैसी उभरती चुनौतियों पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी चिंता जताई है. सीएम ने पुलिस को ऐसे अपराधों पर नकेल कसने और विदेशी फंड से प्रायोजित धर्मांतरण के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं.

रविवार (28 दिसंबर) को पुलिस मंथन वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन-2025 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए सीएम ने पुलिस और इंटेलिजेंस तंत्र को निर्देशित किया है कि सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था, जातीय एवं धार्मिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले किसी भी आपत्तिजनक कंटेंट पर तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

धर्मांतरण को लेकर सख्त निर्देश

उन्होंने पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल की ओर से प्रदेश में बढ़ने वाली आतंकी गतिविधियों और नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीमा सुरक्षा एवं आतंकवाद निरोधक तंत्र को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही गो-तस्करी और धर्मांतरण के लिए चलाए जा रहे संगठित गिरोह पर सख्त कार्रवाई करने को कहा.

जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जाति या धर्म के नाम पर समाज को विभाजित करने, पुलिस पर दबाव बनाने और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए. उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा. सीएम ने कहा कि फेक अकाउंट एवं संगठित दुष्प्रचार अभियानों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा.

सीएम योगी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व महापुरुषों के नाम का दुरुपयोग कर नए-नए संगठन बनाकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने पुलिस को ऐसे संगठनों की पृष्ठभूमि की गहन जांच कर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने और कानून के दायरे में सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

धार्मिक कन्वर्जन पर निगरानी

मुख्यमंत्री ने धार्मिक कन्वर्जन को एक गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि बलरामपुर जैसी घटनाएं संकेत हैं कि ऐसे प्रयास संगठित रूप से किए जा रहे हैं. उन्होंने पुलिस एवं इंटेलिजेंस को निर्देश दिए गए कि धार्मिक कन्वर्जन से जुड़ी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए, सोशल मीडिया के माध्यम से इंटेलिजेंस को और मजबूत किया जाए और ऐसी किसी भी घटना को प्रारंभिक स्तर पर ही प्रभावी ढंग से रोका जाए.

सीएम ने की पुलिस की सराहना

मुख्यमंत्री ने पुलिस के अब तक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान परिदृश्य में इंटेलिजेंस, लोकल इनपुट और तकनीकी निगरानी को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया की प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button