उत्तर प्रदेश: पुलिस चौकी में लटकी मिली युवक की लाश, दारोगा समेत 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड, खाकी पर हत्या के आरोप

यूपी के बागपत के दोघट थाना क्षेत्र में भड़ल पुलिस चौकी पर हिरासत में लिए गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों को जैसे ही युवक की मौत का पता चला तो वह आक्रोशित हो गए और ग्रामीणों के साथ चौकी पर पहुंच गए। वहां हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया। हंगामा बढ़ने की सूचना पर कई थानों की पुलिस के साथ सीओ बड़ौत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। लापरवाही सामने आने पर एसपी ने चौकी इंचार्ज भड़ल समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही युवक के गले में बंधा गमछा भी बरामद कर लिया गया है।
दोघट थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से नलकूपों पर चोरी की घटनाएं हो रही हैं। मुखबिर की सूचना और पूर्व के आपराधिक इतिहास के चलते शनिवार सुबह पुलिस ने चार युवकों सोहित, रोहित, अभिनव और रोहित राणा को पूछताछ के लिए उठाया था। पुलिस ने उनसे भड़ल पुलिस चौकी पर घंटों तक पूछताछ की। सोहित, रोहित और अभिनव को तो पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया, लेकिन रोहित पुत्र स्वर्गीय योगेंद्र को चौकी पर ही बैठाए रखा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। बताया जाता है कि दोपहर बाद रोहित ने कमरे में फांसी लगा ली।
पुलिसकर्मियों को जैसे ही इसका पता लगा तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वह उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन बीच रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। चिकित्सकों ने भी युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना देते हुए उन्हें चौकी पर बुलाया। कुछ ही देर में परिजन काफी ग्रामीणों के साथ चौकी पर पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि चौकी के पुलिसकर्मियों ने ही रोहित की हत्या की है, जब तक पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।
हालात बिगड़ते देख बड़ौत, रमाला समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ देर बाद ही सीओ बड़ौत अंशु जैन भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने जांच कराने और दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम तो खोल दिया, लेकिन वे चौकी के बाहर ही देर रात तक जमा रहे। वहीं, एसपी बागपत अजय कुमार राय ने लापरवाही सामने आने के बाद चौकी इंचार्ज भड़ल समेत तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। साथ ही रोहित के गले में बंधा गमछा भी बरामद कर लिया गया है।
हत्या के मामले में जेल जा चुका था रोहित
पुलिस अधिकारियों ने बताया 2022 में नीरपुर गांव में साधु लाल गिरी महाराज की हत्या हुई थी। इस हत्या में रोहित भी शामिल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कुछ दिनों बाद ही वह जमानत पर जेल से छूटकर आया था। बताया जा रहा है कि हत्या के अलावा भी उसके खिलाफ कई अन्य संगीन धाराओं के मुकदमे दर्ज थे।



