अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, बाद में खुद भी दे दी जान; शादी के 9 साल बाद भी बच्चा न होने से था नाराज

मुरादाबाद/कानपुर: बच्चा न होने के तनाव में पति ने पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद खुद भी आत्महत्या करके जीवन लीला समाप्त कर ली. दोनों का शव जंगल में पाया गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू की है. घटना मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में काशीराम नगर की है.

वहीं, कानपुर में पत्नी और उसके देवर ने मिलकर पति पर जानलेवा हमला कर दिया. उसे मरा हुआ समझकर खेत में फेंक दिया. पति की किस्मत अच्छी थी कि लोगों ने पुलिस की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज चल रहा है.

पहले जानें मुरादाबाद की घटना: एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि मझोला पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. सिविल लाइन थाना के नवीन नगर नयागांव निवासी विनोद घायल अवस्था में पड़ा हुआ था.

वहीं, कुछ दूरी पर विनोद की पत्नी ममता की लाश मिली. आनन फानन में पुलिस विनोद को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टर ने विनोद को भी मृत घोषित कर दिया.

मृतक विनोद और उसकी पत्नी ममता के शरीर पर चाकुओं के चोट के निशान पाए गए हैं. मृतक के परिजनों का कहना है कि विनोद और ममता की शादी 8 साल पहले हुई थी.

इस दौरान दंपति को कोई संतान नहीं हुई. बच्चा न होने के चलते पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद रहता था. विनोद अपनी पत्नी ममता के साथ आए दिन मारपीट किया करता था.

बुधवार को विनोद अपनी पत्नी ममता को बाइक पर बैठाकर ससुराल में होली मिलन के लिए निकला था. आशंका जताई जा रही है कि विनोद ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की. इसके बाद खुद को चाकू मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पत्नी ने देवर संग मिलकर किया पति पर जानलेवा हमला: पुलिस के अनुसार, कानपुर जिले के सजेती थाना क्षेत्र में मोहम्मदपुर गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की पत्नी संध्या का अपने ही देवर सुनील के साथ काफी समय से अवैध संबंध चल रहा था. मंगलवार को पति ने अपनी पत्नी और भाई को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था.

अपनी पोल खुलता देख और राज छिपाने की नीयत से संध्या और सुनील ने पति पर हमला कर दिया. दोनों ने मिलकर व्यक्ति की गर्दन और चेहरे पर हंसिया से कई वार किए. जब वह लहूलुहान होकर गिर गया, तो दोनों ने उसे मृत समझकर सरसों के खेत में फेंक दिया.

सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को तुरंत घाटमपुर CHC पहुंचाया. युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और आरोपी पत्नी संध्या और देवर सुनील को गिरफ्तार कर लिया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button