राष्ट्रीय

CJI सूर्यकांत ने SIR, वोट चोरी के आरोपों पर राहुल गांधी-खड़गे से मिलने से किया इनकार

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने राहुल गांधी समेत अन्य इंडिया ब्लॉक के नेताओं से मिलने से इनकार कर दिया है। उन्होंने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तरफ से आए उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है, जिसमें उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए समय मांगा था। राहुल गांधी के प्रस्ताव को ठुकराते हुए ईमेल के जरिए इसका जवाब दिया। इसमें सीजेआई ने साफ किया कि ऐसा करना सही नहीं होगा क्योंकि जिन मुद्दों पर चर्चा करने की बात नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं। वह मामले पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं।

एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस बात की जानकारी दी थी कि विपक्षी दलों ने सीजेआई सूर्यकांत से मिलने का समय मांगा है। बता दें, कल कांग्रेस पार्टी सुप्रीम कोर्ट की तरफ मार्च करने वाली है। विपक्षी दलों के इस अनुरोध का जवाब सीजेआई सूर्यकांत ने ईमेल के जरिए दिया। सूत्रों के मुताबिक इसमें सीजेआई ने साफ किया कि उन मुद्दों पर चर्चा करना सही नहीं होगा, जो पहले से ही सुप्रीम कोर्ट के समक्ष विचाराधीन हैं।

नेता न्यायिक रूप से सुप्रीम कोर्ट आने के लिए स्वतंत्र- सीजेआई

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने इस बात का भी जिक्र किया कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत सुप्रीम कोर्ट कार्यपालिका के प्रशासनिक कामकाज में दखल नहीं दे सकता। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि विपक्षी नेता किसी मुद्दे पर न्यायिक पक्ष के तहत सुप्रीम कोर्ट आने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता अगर चाहें तो याचिका दायर कर सकते हैं। इस पर मंगलवार को एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े मामलों के दौरान ही सुनवाई की जा सकती है।

अभिजीत दीपके हिरासत से रिहा होने के बाद कहां गए

बता दें, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार धरना प्रदर्शन कर रही कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने का ऐलान किया है। इंडिया ब्लॉक की तरफ से ऐलान किया गया है कि वह सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे और सीजेआई को ज्ञापन सौपेंगे। इस ज्ञापन में SIR को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी। शुक्रवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन के नेता मार्च करते हुए राष्ट्रपति भवन के सामने तक पहुंचे थे। इसके बाद 10 नेताओं ने जाकर राष्ट्रपति को इसी सिलसिले में ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राहुल गांधी ने ऐलान किया था कि वह सोमवार को सुप्रीम कोर्ट जाकर सीजेआई को भी ऐसा ही एक ज्ञापन सौपेंगे। अब सीजेआई के इनकार के बाद इसमें नया ट्विस्ट आ गया है। अभी तक इस पर राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button