अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ा तनाव, ट्रंप ने विज्ञापन विवाद पर कनाडा पर बढ़ाया 10 फीसदी टैरिफ

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चौंकाने वाला फैसला लेते हुए कनाडा से आने वाले उत्पादों पर 10% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की है. यह कदम तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. ट्रंप का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब उन्होंने हाल ही में कनाडा के साथ चल रही सभी व्यापार वार्ताएं समाप्त कर दी थीं. इस नए विवाद की शुरुआत एक कनाडाई राजनीतिक विज्ञापन से हुई, जिसमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के 1987 के रेडियो भाषण के अंशों को तोड़-मरोड़ कर दिखाया गया.

ट्रंप ने सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर पोस्ट करते हुए कनाडा पर धोखाधड़ी और गलत चीजें पेश करने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि ओंटारियो सरकार ने रीगन के शब्दों को तोड़-मरोड़कर अमेरिकी नीतियों को बदनाम करने की कोशिश की. ट्रंप ने लिखा कि कनाडा ने गंभीर गलती की है, इसलिए मैं अतिरिक्त टैरिफ लगा रहा हूं.

रीगन फाउंडेशन की प्रतिक्रिया

रोनाल्ड रीगन प्रेसिडेंशियल फाउंडेशन ने इस विज्ञापन की निंदा करते हुए कहा कि रीगन के भाषण के अंशों का बिना अनुमति उपयोग किया गया है और संदेश को गलत अर्थों में पेश किया गया. फाउंडेशन ने कहा कि रीगन का वक्तव्य सामान्य व्यापार नीति पर था, किसी व्यक्ति विशेष पर नहीं.

पहले से जारी टैरिफ युद्ध

ट्रंप पहले ही कनाडा के निर्यात पर 25% टैरिफ और ऊर्जा उत्पादों पर 10% शुल्क लगा चुके हैं. इसके जवाब में कनाडा ने भी अमेरिकी सामान पर शुल्क लगाया था, जिनमें संतरे का जूस, वाइन, कॉफी, परिधान और स्टील जैसे उत्पाद शामिल हैं. अब नया 10% टैरिफ दोनों देशों के बीच पहले से चल रहे तनाव को और बढ़ा देगा.

कनाडा का रुख और भविष्य की संभावनाएं

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने हाल ही में कहा था कि कनाडा अमेरिका के साथ व्यापारिक बातचीत फिर शुरू करने के लिए तैयार है, लेकिन ट्रंप का यह नया कदम उस दिशा में रुकावट डाल सकता है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर टैरिफ नीति आगे भी जारी रही तो इससे दोनों देशों की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button