अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

‘यह मेरा आखिरी वीडियो है…’, सोशल मीडिया पर Video डालकर सुसाइड करने जा रहा था युवक; नोएडा पुलिस ने बचाया

उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा पुलिस की तत्परता और सोशल मीडिया निगरानी प्रणाली की सक्रियता के कारण 24 साल के एक युवक की जान बच गई। जानकारी के अनुसार, गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद मानसिक तनाव में आए युवक ने अधिक मात्रा में नींद की गोलियां खाकर इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो के साथ उसने लिखा कि यह आखिरी वीडियो है मेरा, क्या पता फिर रहूं या नहीं।

पुलिस को इमरजेंसी अलर्ट मिला

इसके बाद सोशल मीडिया पर मिले अलर्ट के बाद पुलिस तत्परता दिखाते हुए युवक को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने रविवार को बताया गया कि 12 जून की रात 12:12 बजे मेटा कंपनी की ओर से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया केंद्र को ई-मेल के माध्यम से एक इमरजेंसी अलर्ट मिला। अलर्ट में बताया गया कि गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र का एक युवक आत्मघाती विचारों से जुड़ी पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर कर चुका है।

पांच मिनट के भीतर पहुंच गई पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया केंद्र ने तत्काल संबंधित सूचना और युवक की लोकेशन गौतमबुद्धनगर पुलिस की मीडिया सेल को उपलब्ध कराई। इसकी जानकारी पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को भी दी गई। उनके निर्देश पर ग्रेटर नोएडा जेवर थाना पुलिस को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।

सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस मात्र पांच मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गई। पुलिस टीम ने युवक के पिता को जगाकर पूरी घटना की जानकारी दी और परिजनों के साथ युवक के कमरे में पहुंची। वहां युवक बेसुध अवस्था में बिस्तर पर पड़ा मिला। स्थिति गंभीर देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया।

विवाह का प्रस्ताव ठुकराने से तनाव में था

इलाज के बाद युवक की हालत सामान्य हो गई और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मजदूरी करता है और एक युवती से प्रेम करता था। विवाह का प्रस्ताव अस्वीकार होने के बाद वह गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में चला गया था। इसी कारण उसके मन में आत्मघाती विचार आए और उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने युवक की काउंसलिंग भी कराई, जिसके बाद उसने भविष्य में ऐसा कोई कदम न उठाने का आश्वासन दिया। युवक के परिजनों ने पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त किया।

उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा के बीच तालमेल

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच वर्ष 2022 से एक विशेष व्यवस्था लागू है। इसके तहत यदि कोई व्यक्ति फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या अथवा आत्मघाती विचारों से संबंधित पोस्ट साझा करता है, तो मेटा कंपनी तत्काल उत्तर प्रदेश पुलिस को ई-मेल और फोन के माध्यम से अलर्ट भेजती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य समय रहते हस्तक्षेप कर लोगों की जान बचाना और संभावित जनहानि को रोकना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button