उत्तर प्रदेशराज्‍य

सीएम योगी की सुरक्षा में बड़ी चूक, पास के साथ वीआईपी गैलरी तक पहुंचा संदिग्ध व्यक्ति

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में एक गंभीर चूक का मामला सामने आया है. 10 जुलाई को बस्ती के हर्रैया में जनसभा के दौरान एक आपराधिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति फर्जी पास पर वीआईपी गैलरी में पहुंच गया. यह घटना पूरे सुरक्षा तंत्र पर सवाल खड़े कर रही है.

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले व्यक्ति का नाम संजय सिंह है. संजय कोई साधारण नागरिक नहीं, बल्कि एक शातिर दागी है, जिस पर पहले से ही ठगी और जालसाजी सहित कई गंभीर मुकदमें दर्ज हैं. वह पहले ठगी के आरोपों में जेल की हवा भी खा चुका है. ऐसे आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्ति का मुख्यमंत्री के इतने करीब पहुंच जाना पूरे सुरक्षा तंत्र को कटघरे में खड़ा करता है.

सूची में नाम नहीं था, फिर कैसे बना पास?

नियमानुसार वीआईपी पास भाजपा जिला अध्यक्ष और स्थानीय विधायक की सिफारिश पर जारी किए जाते हैं. संजय सिंह का नाम उस सूची में शामिल नहीं था. फिर भी उसे पास कैसे मिला, यह बड़ा सवाल है. एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें जो सूची मिली, उसी के आधार पर पास जारी किए गए.

एसपी ने शुरू की जांच

पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. एसपी के मुताबिक, उपलब्ध सभी डिजिटल साक्ष्यों, वीडियो फुटेज और दस्तावेजों के आधार पर गहन जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

राजनीतिक गलियारों में चर्चा

घटना के बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी गरम हो गया है. संजय सिंह ने कहा कि पास कैसे बना, इसकी जानकारी स्थानीय विधायक अजय सिंह से पूछी जाए. जिला अधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने कहा कि साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई होगी. मुख्यमंत्री जैसे जेड प्लस सुरक्षा वाले नेता के कार्यक्रम में यह चूक सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरी को उजागर करती है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button