अपराधएनसीआरनोएडा

नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल में फिर बवाल… बार में महज ‘लाइटर’ मांगने पर भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लात-घूंसे

नोएडा के सेक्टर-38ए स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल स्थित एक बार में लाइटर मांगने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी कुछ ही समय बाद मारपीट में बदल गई। इस दौरान घायल युवक के भाई की शिकायत पर सेक्टर-39 पुलिस ने एक नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

दिल्ली के प्रहलादपुर स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी निखिल पासवान ने पुलिस को शिकायत दी कि उनका भाई सौरभ पासवान 14 जून को अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-39 क्षेत्र स्थित मौसम बार एंड रेस्टोरेंट में पार्टी करने गया था। पार्टी के दौरान वहां मौजूद विक्रम आदित्य ने उससे लाइटर मांगा। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विक्रम आदित्य और उसके साथ मौजूद दो-तीन लोगों ने निखिल और उसके दोस्तों के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। घटना के दौरान निखिल के चेहरे और हाथ में चोटें आईं।

जान से मारने की धमकी भी दी

आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे पीड़ित और उसके साथी भयभीत होकर वहां से चले गए। घटना के बाद घायल युवक ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद उसके भाई ने सेक्टर-39 थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

जांच के आधार पर होगी कार्रवाई

सेक्टर-39 थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के कारणों की जांच की जा रही है।

आए दिन मारपीट की घटनाएं होती हैं

गार्डन गैलेरिया मॉल के अंदर स्थित बार और रेस्टोरेंट का विवादों से पुराना नाता है। आए दिन यहां मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। तीन साल पहले मॉल के अंदर बाउंसरों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। दो साल पहले गुरुग्राम से पार्टी करने आए युवकों ने मॉल की पार्किंग के पास फायरिंग की थी। सुरक्षा के लिहाज से यहां रोजाना अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती है। उच्च अधिकारियों द्वारा भी नियमित चेकिंग की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button