उत्तर प्रदेशराज्‍य

आकाश आनंद ने बसपा सुप्रीमो से मांगी माफी; पार्टी और मिशन की सेवा का अवसर मांगा

लखनऊः बसपा से निष्कासन के बाद आकाश आनंद ने चुप्पी तोड़ते हुए मायावती से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है। आकाश आनंद ने कहा कि मेरी चुप्पी को गलत समझा गया। मैं किसी भी पार्टी में नहीं जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर से बसपा में काम करना चाहते हैं।

सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में आकाश आनंद ने मायावती से कहा कि आप मेरी राजनैतिक गुरु हैं, मेरी प्रेरणा हैं और मेरी बुआ मां भी हैं। राजनीति में मैंने जो कुछ सीखा, वो आप से ही सीखा, जो कुछ किया, आपके मार्गदर्शन में किया। इसलिए आज अपनी बात सीधे आपके सामने और पूरे बहुजन समाज के सामने रखना चाहता हूं।

बसपा में काम करने का मांगा एक और मौका

पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया में मेरे बारे में कई तरह की खबरें और अफवाहें चल रही हैं। मैं साफ कर देना चाहता हूं कि मैं किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहा। न आज, न कभी। बसपा मेरे लिए सिर्फ़ एक पार्टी नहीं, मेरा परिवार है। अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकालने और उनके संन्यास का आपका फ़ैसला पूरी तरह उचित है और मैं उस फ़ैसले के साथ खड़ा हूं। रिश्ते अपनी जगह हैं, पर मिशन उनसे बड़ा है। व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों से ऊपर पार्टी और आंदोलन का हित रखना मेरी ज़िम्मेदारी है।

उस समय मैंने ख़ुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया था, इसलिए आपके उस पोस्ट को रिपोस्ट नहीं कर पाया। मेरी उस चुप्पी को गलत समझा गया और अफ़वाहों को जगह मिली। अगर इससे आपको ठेस पहुंची है, तो मैं उसके लिए आपसे क्षमा चाहता हूं। मैं सिर्फ़ आपके नेतृत्व में फिर से पार्टी और मिशन की सेवा का अवसर चाहता हूं। विश्वास शब्दों से नहीं, काम से बनता है और मैं उसे अपने आचरण और अपनी मेहनत से साबित करूंगा। बाबा साहेब का मिशन, मान्यवर साहेब का रास्ता और आपका नेतृत्व। यही मेरी राजनीति है।

बता दें कि मायावती ने पिछले दिनों आकाश आनंद को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। मायावती ने यह भी कहा था कि आकाश और उनकी बहन को पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपेगी। उन्होंने आकाश के छोटे भाई पर भरोसा जताते हुए पार्टी में काम करने का मौका दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button