
देहरादून: एक साल पहले राजपुर अजय बटेजा हत्या मामले में पुलिस ने फरार 25 हजार की इनामी महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है. प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई ने ही सुपारी देकर अपने भाई की हत्या करवाई थी. पुलिस इस मामले में घटना को अंजाम देने वाले उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
बता दें 26 मई 2025 को जतिन कुमार निवासी जीएमएस रोड ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. जिसमें बताया गया कि कुछ अज्ञात लोगों ने उनके भाई अजय बटेजा की जाखन स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी में हत्या कर दी है. मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू की. जिसके बाद पुलिस ने सर्विलांस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से कई संदिग्धों से पूछताछ की. जिसके बाद उन पर नजर रखी गई.
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पश्चिमी यूपी का कुख्यात शार्प शूटर जैकी भी इस हत्याकांड में शामिल है. मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी जैकी को मुजफ्फरनगर से हिरासत में लेकर पूछताछ की. जिसके बाद इस घटना में शामिल उसकी महिला मित्र और दूसरे लोगों के बारे में पता चला.
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया घटना के संबंध में थाना राजपुर पुलिस ने पहले ही राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. वहीं, अब पुलिस ने राजन की 25 हजार इनामी महिला आरोपी प्रेमिका हुमेंरा उर्फ जोया को गिरफ्तार किया है. साथ ही फरार अमित भटेजा की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.
वहीं, रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.



