
नोएडा। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह अपनी सख्त कार्यशैली, प्रशासनिक सक्रियता और अनुशासन को लेकर लगातार चर्चा में हैं। पुलिस विभाग में लापरवाही और अनियमितताओं के मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनके स्तर से की जा रही कार्रवाई ने पुलिस महकमे में जवाबदेही का संदेश दिया है।
हाल ही में साइबर क्राइम थाने के चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर भी पुलिस विभाग में चर्चाएं तेज हैं। इस कदम को विभागीय अनुशासन बनाए रखने और पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह केवल विभागीय कार्रवाई तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन और आमजन की सुरक्षा को लेकर भी लगातार सक्रिय हैं। वह अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही हैं और स्पष्ट निर्देश दे रही हैं कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
गौरतलब है कि लक्ष्मी सिंह गौतमबुद्धनगर की पहली महिला पुलिस कमिश्नर हैं। उनकी कार्यशैली में प्रशासनिक सक्रियता, अनुशासन और जवाबदेही पर विशेष जोर दिखाई देता है। पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो या त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी, उनके फैसले लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं।
सख्त फैसले, कुशल नेतृत्व और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने वाली कार्यशैली के चलते पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह गौतमबुद्धनगर में अपनी अलग प्रशासनिक पहचान बना रही हैं।



