व्यापार

जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल बोले, ‘ब्लिंकिट की एम्बुलेंस सर्विस के लिए देने होंगे इतने पैसे’

‘ब्लिंकिट एम्बुलेंस’ शानदार सु‍व‍िधा है, ज‍िसका लाभ कोई भी ले सकता है. यह पूरी तरह फ्री है. लेकिन अगर आपने एक गलती क‍ी तो 2500 रुपये देने पड़ेंगे. जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने गुरुवार को कहा कि इमरजेंसी स्थिति न होने पर ‘ब्लिंकिट एम्बुलेंस’ हर यात्रा पर 2,500 रुपये शुल्क लेगी. उन्होंने बताया कि आपात स्थिति की तुलना में नियमित चिकित्सकीय जांच के लिए एम्बुलेंस सेवा की बुकिंग का हिस्सा बढ़ रहा है. इसल‍िए यह फैसला ल‍िया गया.

जोमैटो एवं ब्लिंकिट का संचालन करने वाली कंपनी इटर्नल के वाइस चेयरमैन दीपिंदर गोयल ने स्पष्ट किया कि गंभीर हालत के मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की सेवा पहले की तरह मुफ्त रहेगी, जबकि आपात स्थिति न होने पर यात्रा पूरी होने के बाद 2,500 रुपये शुल्क लिया जाएगा. यह शुल्क मोटे तौर पर निजी एम्बुलेंस के शुल्क के अनुरूप है.

क्‍यों लेना पड़ा ये फैसला

दीपिंदर गोयल ने एक्स पर लिखा, पिछले दो वर्षों में हमने करीब 42,000 लोगों की मदद की. इसमें स‍िर्फ 20000 मरीज ही ऐसे थे ज‍िन्‍हें इमरजेंसी में अस्‍पताल में भर्ती कराना था. हमने इनमें से किसी के लिए भी एक रुपया शुल्क नहीं लिया है और हम इसे इसी तरह जारी रखना चाहते हैं. लेकिन मुफ्त होने की वजह से बहुत सारे ऐसे लोग भी एंबुलेंस बुला लेते हैं ज‍िन्‍हें इमरजेंसी नहीं होती. यानी जो लोग रेगुलर जांच, अस्‍पताल जाने या अस्‍पताल से घर पहुंचना चाहते हैं, वो भी इसका इस्‍तेमाल कर रहे हैं. इसके ल‍िए वे अन्‍य साधनों का इस्‍तेमाल कर सकते हैं, लेकिन वे नहीं करते.

दीपिंदर गोयल कहा, इस तरह की बुकिंग के कारण कई लोगों को हम सेवा नहीं दे पा रहे हैं, ज‍िन्‍हें सबसे ज्‍यादा जरूरत होती है. हमारी एंबुलेंस सभी सुविधा से लैस है, इसमें स्‍टाफ भी होते हैं, इसल‍िए हमारी कोश‍िश उन लोगों को की जान बचाने की होती है. गोयल ने कहा कि आपात स्थिति न होने पर मरीजों को पहुंचाने के लिए लिया जाने वाला शुल्क ‘इटर्नल फाउंडेशन’ को जाएगा. यही संस्था इन एम्बुलेंस का संचालन करती है और इससे कंपनी को सेवा का विस्तार करने में मदद मिलेगी.

Blinkit Ambulance कैसे म‍िलेगी

Blinkit की वेबसाइट पर Blinkit Ambulance के बारे में जानकारी दी गई है. यह द‍िल्‍ली एनसीआर में काम करती है. नोएडा, गुरुग्राम, द‍िल्‍ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद में यह सर्विस देती है. अभी कुल 67 एंबुलेंस फ्लीट में हैं. और अगर आप बुलाते हैं तो एवरेज टाइम 9 म‍िनट है. आप ब्‍ल‍िंंक‍िट के ऐप से इसे बुक कर सकते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button