अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा: ईकोटेक-3 में पड़ोसी दोस्त ने विवाद के बाद किया कत्ल, जंगल में फेंका शव; पुलिस जांच में जुटी

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में पड़ोसी की हत्या का मामला सामने आया है। 40 वर्षीय पवन शर्मा की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को सूरजपुर थाना क्षेत्र के लखनावली गांव में फेंक दिया गया। पवन के घर नहीं लौटने पर परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। शिकायतकर्ता ने पवन के पड़ोसी पर संदेह जताया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार को ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने भाई पवन शर्मा के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि पवन घर नहीं पहुंचा है। शिकायतकर्ता ने पवन के पड़ोसी ललित शर्मा पर शक भी जाहिर किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और ललित को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

साथ बैठकर पी थी शराब, फिर हुआ विवाद

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पवन शर्मा और आरोपी रात में एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ललित ने पवन का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और विवाद के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पवन की मौत के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए सूरजपुर थाना क्षेत्र के लखनावली गांव में फेंक दिया। उधर पवन के घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसके बाद थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता की ओर से पड़ोसी पर संदेह जताए जाने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें कथित तौर पर हत्या की घटना सामने आई।

आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ शव

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने लखनावली गांव में आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पवन की मौत के कारणों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

दोनों थानों की पुलिस कर रही कार्रवाई

घटना ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र से जुड़ी है। जबकि शव सूरजपुर थाना क्षेत्र के लखनावली गांव में मिला है। ऐसे में मामले में दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। वहीं कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि  ईकोटेक-3 पुलिस हत्या के कारणों, घटनाक्रम और आरोपी की भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपी को हिरासत में लिया गया गया है। वहीं, सूरजपुर पुलिस ने शव बरामद होने के बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button