स्विगी की ‘फूड ऑन ट्रेन’ सेवा का 201 रेलवे स्टेशन तक विस्तार

ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Swiggy ने ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट दिया है. कंपनी ने बताया कि उसकी Food on Train सेवा में पिछले दो साल में 12 गुना की शानदार बढ़ोतरी हुई है. अगस्त 2024 से अगस्त 2026 के बीच इस सेवा का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है. खास बात यह है कि महानगरों के मुकाबले टियर-2 और टियर-3 शहरों में इस सेवा को अपनाने की रफ्तार करीब दोगुनी रही है.
कंपनी ने बताया कि Food on Train नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार हुआ है. अगस्त 2024 में जहां यह सेवा केवल 66 स्टेशनों पर उपलब्ध थी, वहीं अब इसका विस्तार 201 रेलवे स्टेशनों तक हो गया है. कंपनी ने पिछले करीब डेढ़ साल में 135 नए स्टेशनों को अपने नेटवर्क में जोड़ा है.
ट्रेन नंबर डालते ही मिलेगा खाना
Swiggy ने यात्रियों के लिए Food on Train सेवा में दो नए फीचर भी पेश किए हैं. इनमें पहला है ‘Search by Train’. इसके जरिए यात्री केवल ट्रेन का नंबर या ट्रेन का नाम डालकर अपनी ट्रेन के रूट और समय के हिसाब से उपलब्ध रेस्टोरेंट और खाने के विकल्प देख सकते हैं.
इसके अलावा कंपनी ने ‘99 Store Widget’ भी शुरू किया है. यह फीचर यात्रियों को किफायती भोजन के विकल्प एक ही जगह उपलब्ध कराता है. लंबे सफर के दौरान कम कीमत में खाना तलाशने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा उपयोगी हो सकती है.
ट्रेन यात्रियों की बदली पसंद
Swiggy के मुताबिक, पिछले एक साल में ट्रेन यात्रियों की खाने-पीने की पसंद में भी बदलाव आया है. यात्री अब फास्ट फूड और कार्बोनेटेड ड्रिंक के मुकाबले पारंपरिक और ताजगी देने वाले पेय ज्यादा पसंद कर रहे हैं.
पिछले साल की तुलना में लस्सी के ऑर्डर में 60 फीसदी, छाछ में 40 फीसदी और मोजिटो के ऑर्डर में 90 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. वहीं सामान्य गैस वाले पेय पदार्थों के ऑर्डर में काफी गिरावट आई है.
थाली की सबसे ज्यादा मांग
ट्रेन में यात्रियों के बीच पारंपरिक और क्षेत्रीय भोजन की मांग भी तेजी से बढ़ रही है. Swiggy के मुताबिक, ट्रेन में किए जाने वाले कुल ऑर्डर में थाली की हिस्सेदारी 65 फीसदी से ज्यादा है.
मिठाइयों की मांग में भी जबरदस्त उछाल आया है. पिछले साल की तुलना में मिठाइयों के ऑर्डर में 110 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इसमें रसगुल्ले सबसे आगे रहे हैं.
स्टेशन के हिसाब से बदलता है खाना
ट्रेन यात्री अब सफर के दौरान अलग-अलग शहरों के स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं. जयपुर जंक्शन पर प्याज कचौरी सबसे ज्यादा बिकने वाली चीजों में शामिल है. वहीं भोपाल में पोहा शीर्ष 10 नाश्ते के विकल्पों में शामिल है.
दक्षिण और मध्य भारत के स्टेशनों पर अलग-अलग तरह की बिरयानी की मांग मजबूत है. लखनऊ में बिरयानी के साथ मशहूर टुंडे गलावटी कबाब भी यात्रियों की पसंद में शामिल है. नागपुर में हल्दीराम की थालियां सबसे ज्यादा ऑर्डर किए जाने वाले विकल्पों में हैं, जबकि गोवा के मडगांव स्टेशन पर स्थानीय सीफूड थालियां भी यात्रियों को खूब पसंद आ रही हैं.
201 स्टेशनों तक पहुंची सेवा
Swiggy ने अपने Food on Train नेटवर्क में कोल्हापुर, वर्धा, शहडोल, काकीनाडा, भरतपुर, चित्तूर, तंजावुर, रायगढ़, जामनगर, इंदौर और टूंडला समेत कई नए स्टेशनों को जोड़ा है.
Swiggy Food मार्केटप्लेस के मुख्य कारोबार अधिकारी सिद्धार्थ भाकू ने कहा कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी अब केवल खास मौकों तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों और अलग-अलग परिस्थितियों में इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि Food on Train इसका अच्छा उदाहरण है, जहां यात्री अपने सफर के दौरान भोजन की योजना बनाने के साथ-साथ अलग-अलग क्षेत्रों के स्थानीय व्यंजनों को भी आजमा रहे हैं.



