तिब्बत की ओर से आई बाढ़ के कारण उत्तरी नेपाल में भारी तबाही, 105 भारतीय लापता

काठमांडू। नेपाल में तिब्बत की सीमा से लगे इलाके में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। इस बाढ़ में 384 यात्री लापता हैं। नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने बताया इन लापता लोगों में 105 भारतीय हैं।
नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने आज बुधवार सुबह रासुवा की भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद 384 यात्रियों के लापता होने की पहचान की है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। नेपाल बाढ़ में अब तक 7 लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
नेपाल में आई बाढ़ में 105 भारतीय लापता
नेपाल में आई बाढ़ के बीच 10 टूरिज्म और ट्रैवल एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर लापता हुए लोगों की लिस्ट तैयार की गई है।
टूरिज्म बोर्ड, टूरिस्ट पुलिस और ट्रैवल एजेंसियां, गाइड, स्थानीय अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां साथ मिलकर यात्रियों की लोकेशन और सुरक्षा की पुष्टि कर रहे हैं।
291 विदेशी नागरिकों में से 105 भारत से हैं, जबकि बाकी यात्री ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड, अमेरिका, मलेशिया, यूनाइटेड किंग और दक्षिण अफ्रीका के नागरिक हैं।
कई अन्य विदेशी यात्रियों की राष्ट्रीयता की पुष्टि अभी बाकी है, जबकि 37 लोगों को अनिवासी भारतीय (NRI) के तौर पर लिस्ट किया गया है।
एजेंसी के हिसाब से शुरुआती रिकॉर्ड में ट्रेकर्स सोसाइटी से 92 यात्री, सम्राट टूर्स एंड ट्रैवल्स से 71, लीफ हॉलिडे से 55, हिमालयन ग्लेशियर से 52, कैलाश जर्नी से 31, फिशटेल टूर्स एंड ट्रैवल्स से 27, अल्पाइन इको ट्रेक से 20, काठमांडू हॉलिडे टूर्स एंड ट्रैवल्स से 17, रिचा टूर्स एंड ट्रैवल्स से 12 और एक्सप्लोर वेकेशन से सात यात्री शामिल हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
नेपाल में आई बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। लोगों को मलबे से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है।
टूरिज्म बोर्ड ने कहा कि यह सूची शुरुआती है और इसकी पुष्टि होनी बाकी है। बोर्ड ने यात्रियों और उनके परिवारों से अपील की है कि वे पुष्टि की प्रक्रिया पूरी होने तक कोई नतीजा न निकालें।



