इंडिया एक्सपो मार्ट में सजेगा स्वच्छ ऊर्जा का मंच, ग्रेटर नोएडा में सीएम योगी के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 का आयोजन होगा. यह आयोजन 11 अगस्त से 13 अगस्त तक किया जाएगा, जिसमें 12 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई अन्य मंत्रियों के साथ शामिल हो सकते हैं. ऐसे में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 और वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों को लेकर अहम बैठक की.
सम्मेलन के पहले दिन क्या होगा?
इस बैठक में पुलिस अधिकारियों सहित और अन्य सभी भागों के कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे. जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समय से और सही तरीके से सभी तैयारियां पूरे करने के निर्देश दिए. इसके अलावा सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता एवं अतिथि प्रबंधन पर विशेष जोर देने के लिए बोला. बैठक में तीनों दिन के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि पहले दिन यानि 11 अगस्त को प्रदर्शनी का शुभारंभ और बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर तकनीकी एवं नीतिगत सत्र आयोजित किए जाएंगे.
जानिए दूसरे दिन का क्या है प्लान?
जिलाधिकारी ने बताया कि 12 अगस्त को सम्मेलन के दूसरे दिन सीईओ राउंडटेबल, राज्य सरकारों के विशेष सत्र, निवेश एवं उद्योग सहयोग, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ), वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, कार्बन मार्केट, वित्तपोषण और नवीन तकनीकों से संबंधित विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में अत्याधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों का प्रदर्शन भी जारी रहेगा.
क्या है इस सम्मेलन का उद्देश्य?
बैठक में बताया गया कि इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) एवं एमएम एक्टिव साई-टेक कम्युनिकेशंस द्वारा उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के सहयोग से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी का उद्देश्य ‘लो कार्बन वर्ल्ड के लिए बायोएनर्जी समाधानों को आगे बढ़ाना’ विषय पर वैश्विक स्तर पर विचार-विमर्श एवं तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देना है.
सम्मेलन में क्या-क्या होगा?
बैठक में यह भी बताया गया कि एक्सपो में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र आयोजित होंगे, जिनमें 120 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक, 1,000 से अधिक प्रतिनिधि के साथ 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुक शामिल हो सकते हैं. सम्मेलन के दौरान कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ), ग्रीन हाइड्रोजन, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, बायो-मोबिलिटी, कार्बन मार्केट, कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज (सीसीयूएस) सहित बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा.



