Breaking Newsअंतर्राष्ट्रीय

जापान में जोरदार भूकंप आया, 7.1 तीव्रता, सुनामी की चेतावनी जारी

टोक्यो। मंगलवार को जापान के दक्षिणी हिस्से में एक बेहद शक्तिशाली भूकंप महसूस किया गया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, इस झटके के बाद तटीय इलाकों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन फिर बाद में अलर्ट वापस ले लिया गया।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, मंगलवार को जापान के क्यूशू क्षेत्र के कुमामोटो प्रान्त में 7.1 की प्रारंभिक तीव्रता वाला भूकंप आया। यह एक बेहद शक्तिशाली झटका था जिसने पूरे दक्षिणी जापान को हिलाकर रख दिया।

भूकंप के एपीसेंटर के पास कई इमारतें गिरी हुई दिखाई दीं। उकी शहर के फायर डिपार्टमेंट ने ब्रॉडकास्टर को बताया कि शहर में कई जगहों पर आग लगने की वजह से उन्हें बहुत सारी इमरजेंसी कॉल मिलीं।

NHK के मुताबिक, यात्सुशिरो में क्यूशू एक्सप्रेसवे पर बने हाईवे ओवरपास को काफी नुकसान पहुंचा और उसी शहर में एक पुल का पैदल चलने वाला हिस्सा गिर गया।

सुनामी की चेतावनी लिया वापस

भूकंप के तुरंत बाद, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी है। JMA के मुताबिक, समुद्र में 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पत्रकारों से बात करते हुए, प्रधानमंत्री सनाए तकाईची ने भूकंप प्रभावित इलाकों के लोगों से अपील की कि वे “इसी तरह की तीव्रता वाले एक और भूकंप की संभावना को देखते हुए सतर्क रहें।

उन्होंने यह भी कहा कि इस आपदा में लोगों के घायल होने की आशंका है। हालांकि हम अभी नुकसान के दायरे का पता लगा रहे हैं, लेकिन हमें जानकारी मिली है कि कुछ लोग घायल हुए हैं।

किन इलाकों में जारी हुआ अलर्ट?

हालात की गंभीरता को देखते हुए, जापानी सरकार ने दक्षिणी क्यूशू द्वीप के कई प्रान्तों के लिए आपातकालीन भूकंप चेतावनी जारी की है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अधिकारी ने लोगों से और भूकंपों के लिए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा।

कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइटा, मियाजाकी प्रमुख इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

क्यूशू इलेक्ट्रिक के अनुसार, कुमामोटो प्रान्त में लगभग 48,300 घरों की बिजली चली गई थी। कंपनी लोगों से टूटी हुई बिजली की लाइनों को न छूने और किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर उन्हें सूचित करने के लिए कह रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button