एनसीआरनोएडा

नोएडा के ओवरसीज अपार्टमेंट में लगी आग, दमकल टीम ने बालकनी से बचाई बुजुर्ग दंपती की जान

नोएडा के सेक्टर-50 स्थित ओवरसीज अपार्टमेंट में गुरुवार देर रात को चौथी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग के दौरान फ्लैट के अंदर तीन लोगों के फंसे होने की सूचना मिली, जिसके बाद फायर विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. रेस्क्यू अभियान चलाकर दमकल विभाग ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. मामला थाना सेक्टर 49 क्षेत्र का है.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल सिंह ने बताया कि ओवरसीज अपार्टमेंट में चौथी मंजिल पर आग लगने और लोगों के फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना मिलते ही फायर सर्विस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया.

बहुत बुजुर्ग हैं दंपती

दमकल विभाग के अनुसार, फ्लैट के अंदर तीन लोगों के फंसे होने का पता चला, जिसमें दो बुजुर्ग शामिल थे और दोनों दंपती हैं. बुजुर्ग की उम्र 86 वर्ष, जबकि उनकी पत्नी उम्र 83 वर्ष है. अधिक उम्र होने के कारण दोनों चलने-फिरने में असहज थे. फ्लैट अंदर से बंद था और पूरे घर में धुआं भर गया था.

फायर सर्विस की टीम ने हाइड्रोलिक मशीन और अन्य उपकरणों की मदद से फ्लैट का दरवाजा काटकर अंदर प्रवेश किया. जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने दोनों बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद पुलिस ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है.

आग लगने की वजह पता नहीं

कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने फायर विभाग और पुलिस की तुरंत कार्रवाई की सराहना की. सीएफओ राहुल पाल सिंह ने बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और मौके पर स्थिति सामान्य है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button