उत्तर प्रदेशराज्‍य

योगी सरकार ने शिक्षामित्रों के लिए जारी क‍िए 250 करोड़ रुपये, कब से म‍िलेगा बढ़ा हुआ मानदेय?

यूपी शिक्षा मित्रों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. दरअसल, योगी सरकार ने कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश के करीब 1 लाख 42 हजार शिक्षा मित्रों के लिए बढ़ा हुआ मानदेय जारी कर दिया है. इससे उन्हें हर महीने 18 हजार रुपये मिलेंगे, साथ ही सरकार ने 250 करोड़ रुपये का फंड भी जारी किया है. यह फैसला लंबे समय से चल रही मांगों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे शिक्षा मित्रों में खुशी का माहौल है.

पहले से कितना ज्यादा मिलेगा मानदेय?

योगी सरकार ने मार्च 2026 में ही शिक्षा मित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने का फैसला लिया था. अब इस फैसले को लागू करते हुए अप्रैल 2026 से बढ़ी हुई राशि उनके खातों में आएगी. शिक्षा विभाग पहले ही इसका आदेश जारी कर चुका था, जिससे यह स्पष्ट हो गया था कि शिक्षा मित्रों को जल्द ही इसका लाभ मिलेगा. हालांकि, शिक्षा मित्रों को साल में 11 महीने का ही वेतन दिया जाता है. लेकिन फिर भी यह बढ़ोतरी उनके लिए बड़ी राहत मानी जा रही है.

250 करोड़ का फंड कहां इस्तेमाल होगा?

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जारी किए गए इस फंड को प्रदेश के सभी जिलों में बांट दिया गया है. एक दिन पहले यानी गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को बेसिक शिक्षा निदेशक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह धनराशि ‘शिक्षामित्रों को मानदेय भुगतान (जिला योजना)’ के तहत दी गई है. इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश के हर जिले में शिक्षा मित्रों को समय पर और नियमित रूप से भुगतान मिल सके. सरकार ने साफ निर्देश दिए हैं कि इस राशि का उपयोग केवल मानदेय भुगतान के लिए ही किया जाएगा.

भुगतान को लेकर सख्त निर्देश

सरकार ने बजट के उपयोग को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं. जिलों को कहा गया है कि वे पूरी राशि एक साथ न निकालें, बल्कि हर महीने जरूरत के हिसाब से ही पैसा निकालें. इसके अलावा, अगली किस्त जारी होने से पहले अधिकारियों को खर्च की गई राशि का पूरा हिसाब देना होगा, जिसे उपयोगिता प्रमाण पत्र कहा जाता है. अगर किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी.

संघ ने फैसले का स्वागत किया

इस फैसले पर शिक्षा मित्रों और उनके संगठनों ने भी खुशी जताई है. यूपी बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि बढ़े हुए मानदेय से शिक्षा मित्रों को महंगाई के दौर में काफी राहत मिलेगी. उन्होंने सरकार को धन्यवाद भी दिया और उम्मीद जताई कि आगे भी शिक्षा मित्रों के हित में ऐसे फैसले लिए जाएंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button