उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्‍य

परियोजनाओं में लेटलतीफी पर सीएम योगी नाराज, तय होगी जवाबदेही, अफसरों को सख्त निर्देश

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि विकास से जुड़ी निर्माण परियोजनाओं में लेट लतीफी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं से काम तेज कराने के लिए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर चूक में संबंधित की जवाबदेही तय कर एक्शन लिया जाएगा।

घंटाघर स्थिति मल्टीलेवल पार्किंग सह कामर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करने के बाद रविवार देर शाम गोरखनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद में जारी विकास परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिले में जारी विकास के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कुछ परियोजना में अपेक्षित भौतिक प्रगति न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून के पहले अधिक से अधिक विकास परियोजनाओं का काम पूरा कर लिया जाए। यदि इसमें शिथिलता बरती गई तो बारिश का दौर शुरू होने पर दिक्कत आ जाएगी।

मुख्यमंत्री ने विरासत गलियारा का निर्माण बारिश का मौसम शुरू होने से पहले हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना महानगर में आवागमन सुगमता और व्यापार, दोनों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि बारिश के मौसम से पहले पूर्ण नहीं कराया गया तो नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसलिए इसमें तेजी लाने में कोई कोताही हुई तो इसे अक्षम्य लापरवाही के रूप में देखा जाएगा। सीएम योगी ने अधिकारियों को हिदायत दी की इसमें वह कार्यदायी संस्था के कार्यों का सतत पर्यवेक्षण करें और जल्द से जल्द शत प्रतिशत कार्य कराना सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने जिले और महानगर में जारी उन विकास परियोजनाओं को जल्द से जल्द लोकार्पण योग्य बनाने के निर्देश दिए जिन में दो तिहाई से अधिक कार्य कराया जा चुका है। उन्होंने गोड़धोइया नाला परियोजना, सिक्सलेन फ्लाईओवर व सड़क, भटहट बांसस्थान फोरलेन सहित रोड कनेक्टिविटी की सभी परियोजनाओं को भी शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button