खेलमनोरंजन

‘शादी कर लो जल्दी ताकि…’, अभिषेक शर्मा को संजू सैमसन की सलाह, बताया क्यों हो जाते थे जेलस

नई दिल्ली: टीम इंडिया के सुपरस्टार्स संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा एक साथ नजर आए हैं, जहां संजू ने अभिषेक की जबरदस्त लोकप्रियता को लेकर जमकर मस्ती की। वर्ल्ड कप जीतने के बाद इन खिलाड़ियों का जलवा सातवें आसमान पर है, लेकिन संजू ने मजाकिया अंदाज में बताया कि कैसे अभिषेक के क्रेज से टीम के बाकी खिलाड़ी कभी-कभी जलन महसूस करने लगते थे।

‘हर तरफ बस अभिषेक-अभिषेक’: संजू ने की टांग खिंचाई

इंडिया टुडे कॉन्क्लेव के दौरान संजू सैमसन ने हंसते हुए कहा कि वर्ल्ड कप से पहले टीम जहां भी जाती थी, फैंस केवल अभिषेक शर्मा की एक झलक पाने के लिए बेताब रहते थे। संजू ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘शुरुआत में लड़के थोड़े जेलस हो जाते थे क्योंकि हर जगह सिर्फ अभिषेक-अभिषेक के नारे गूंजते थे। हम सोचते थे कि क्या लोगों को सिर्फ वही दिखता है, हम नहीं?’ संजू यहीं नहीं रुके, उन्होंने अभिषेक को सलाह दे डाली कि वे जल्दी शादी कर लें ताकि बाकी खिलाड़ियों को भी थोड़ा लाइमलाइट मिल सके।

युवराज सिंह का मंत्र और अभिषेक का अगला मिशन

टी20 रैंकिंग में धूम मचाने वाले अभिषेक शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय दिग्गज युवराज सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि वे पिछले दो सालों से युवी पाजी के बताए ‘प्रोसेस’ को फॉलो कर रहे हैं। अभिषेक ने साफ किया कि वे केवल टी20 तक सीमित नहीं रहना चाहते। उन्होंने कहा, ‘मेरा लक्ष्य भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलना है। युवराज सिंह ने मुझे सिखाया है कि जो चीज मेरे हाथ में नहीं है, उसकी चिंता नहीं करनी चाहिए। मुझे बस परफॉर्म करना है और टीम को जिताना है।’

वर्ल्ड कप में संघर्ष और शानदार वापसी

अभिषेक के लिए वर्ल्ड कप की शुरुआत आसान नहीं थी। बीमारी के कारण वे अपनी लय खो बैठे थे और स्पिन के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे, लेकिन फाइनल जैसे बड़े मंच पर उन्होंने शानदार वापसी कर अपनी काबिलियत साबित की। अपनी हाई-रिस्क गेम और स्ट्राइक रेट के कारण उन्हें टी20 क्रिकेट का अगला सुपरस्टार माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button