नोएडा: बेसहारा गोवंश से टकराई बाइक, सॉफ्टवेयर इंजीनियर गंभीर रूप से घायल

- नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेसहारा गोवंश से टकराकर घायल
- सींग हेलमेट तोड़कर माथे में लगा, गंभीर चोटें आईं
- दिल्ली अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा, हालत गंभीर
नोएडा। नोएडा में सड़क पर खुलेआम घूमते बेसहारा गोवंश की चपेट में आने से कई लोगों की जान पर बन चुकी है। अब ऐसा ही हादसा नोएडा सेक्टर-168 में सॉफ्वेयर इंजीनियर के साथ हुआ है।
ग्रेटर नोएडा स्थित कार्यालय से नौकरी कर मंगलवार को बाइक से पीजी लौट रहे इंजीनियर को सेक्टर-168 में बेसहारा गोवंश ने सामने से टक्कर मार दी। सींग हेलमेट के शीशे को तोड़ते हुए माथे में जा लगा।
वीडियो हुआ वायरल
इंजीनियर सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। इंजीनियर का दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालत गंभीर बनी हुई है। घटना का वीडियो फुटेज बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। परिजनों ने एक्सप्रेसवे थाना पुलिस से शिकायत की है।
मुरादाबाद के सुरजन नगर के रहने वाले प्रखर सुधांशु सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वह एक साल से सेक्टर-168 स्थित पीजी में रहते हैं। वह ग्रेटर नोएडा की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी विप्रो में नौकरी करते हैं।
माथे व सिर पर आईं चोटें
प्रखर के चाचा आनंद कुमार शर्मा ने मंगलवार रात बाइक से पीजी लौट रहे थे। सेक्टर-168 में छपरौली गांव में बेसहारा गोवंश सामने से आकर टक्कर मार दी। सींग हेलमेट के शीशे को तोड़ते हुए उनकी दाहिनी आंख के ऊपर जा लगा। चश्मे के टुकड़े उनके माथे में घुस गए। इससे प्रखर के माथे व सिर में चोटें आईं। वह एकाएक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया।
बताया कि एक राहगीर ने प्रखर के फिंगरप्रिंट का उपयोग कर मोबाइल का लॉक खोला और परिजनों को सूचना दी। नजदीक अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने सर्जरी कराने की सलाह दी।
परिजन प्रखर को दिल्ली जसौला स्थित अपोलो अस्पताल ले गए। वहां पर प्रखर की बुधवार को सर्जरी हुई। अभी भी हालत गंभीर है। उधर, आनंद ने एक्सप्रेसवे थाना पुलिस से शिकायत की है।



