अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

मुख्तार के करीबियों पर गैंगस्टर एक्ट… रियाज समेत 4 पर हुई कार्रवाई, कई मामले हो चुके हैं दर्ज

गाजीपुर पुलिस ने मुख्तार अंसारी के करीबी और बहादुरगंज नगर पंचायत के चेयरमैन रहे रियाज अहमद अंसारी समेत चार लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने चारों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है. यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट गाजीपुर की मंजूरी के बाद की गई. पुलिस के मुताबिक, रियाज अंसारी D-131/25 नाम से सक्रिय गैंग का सरगना है, जो लंबे वक्त से अपराधों में लिप्त रहा है.

दरअसल, 62 साल के रियाज अहमद अंसारी वार्ड नंबर 11, दक्षिण मोहल्ला, बहादुरगंज का रहने वाला है. उसके खिलाफ दर्ज रिपोर्ट में साफ तौर पर लिखा गया है कि वह खुद को माफिया मुख्तार अंसारी का करीबी बताकर लोगों को डराता और धमकाता था. इल्जाम है कि उसने और उसके गैंग ने फर्जी कागजात बनाकर जमीन-जायदाद पर कब्जा किया, रंगदारी वसूली और गवाहों को डराकर कोर्ट में गवाही देने से रोका. यही नहीं, प्रशासन को यह भी जानकारी मिली कि इस गिरोह की दहशत के कारण कई लोग आगे आकर शिकायत करने से भी डरते थे.

गैंग चार्ट की जांच के बाद डीएम गाजीपुर ने इसे मंजूरी दी और पुलिस ने फौरन कासिमाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया. इस गैंग में रियाज अहमद के साथ उसकी बीवी निकहत परवीन, परवेज़ जमाल और नजीर अहमद भी शामिल बताए गए हैं. इन सभी के खिलाफ गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 (गैंगस्टर एक्ट) में केस दर्ज हुआ है.

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, रियाज अंसारी और उसके साथियों ने लंबे समय से जिले में अपराध का नेटवर्क खड़ा कर रखा था. वे मुख्तार अंसारी के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को डराते और अपना दबदबा बनाए रखते थे. रियाज अंसारी समाजवादी पार्टी से बहादुरगंज नगर पंचायत का चेयरमैन भी रह चुका है, जिससे उसका राजनीतिक रसूख बढ़ा. इसी ताकत के दम पर उसके खिलाफ दर्ज कई मामलों के गवाह आगे आने से कतराते रहे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button