अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा की सोसायटी पर लगा 5 लाख रुपये का जुर्माना, जल विभाग के एक्शन से मचा हड़कंप

नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित अजनारा होम्स सोसायटी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। सोसायटी का मोटर पंप खराब होने के कारण निवासियों को पानी की किल्लत से जूझने और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग की तरफ से सप्लाई के पानी का इस्तेमाल उद्यान कार्यों, फ्लशिंग व हाउसकीपिंग के लिए करने पर यह पेनल्टी लगाई गई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए सेक्टर 16बी स्थित अजनारा होम्स सोसायटी में पानी की किल्लत से निवासियों के जूझने की जानकारी प्राप्त हुई। जिस पर प्राधिकरण के जल विभाग की टीम मौके पर गई। टीम ने पाया कि सोसाइटी का मोटर पंप खराब है। जल विभाग की तरफ से सप्लाई के पानी का इस्तेमाल उद्यान कार्यों, फ्लशिंग व हाउसकीपिंग के लिए किया जा रहा है, जबकि एनजीटी की तरफ से स्पष्ट आदेश है कि उद्यान कार्यों, फ्लशिंग व हाउसकीपिंग के लिए एसटीपी के पानी का ही इस्तेमाल कर सकते हैं। पानी की किल्लत के बारे में सोशल मीडिया पोस्ट से प्राधिकरण की छवि भी धूमिल हो रही है, जिसके चलते प्राधिकरण के जल विभाग ने अजनारा होम्स सोसाइटी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने सोसाइटी प्रबंधन से अपील की है कि पानी के नेटवर्क को दुरुस्त रखें, ताकि निवासियों को पानी की किल्लत से नहीं जूझना पड़े। उन्होंने उद्यान कार्यों, फ्लशिंग व हाउसकीपिंग कार्यों के लिए एसटीपी से शोधित पानी का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button