अपराधएनसीआरनोएडा

नोएडा में शराब के नशे में तीन चीन के नागरिक समेत चार ने की मारपीट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत परी चौक के पास स्थित एनआरआई सिटी के समीप बुधवार को इनोवा कार की एक अन्य गाड़ी से टक्कर हो गई। इनोवा गाड़ी में चीन के 3 नागरिक और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। आरोप है कि चीनी नागरिकों ने दूसरी गाड़ी में सवार खेमचंद और सुनील कुमार के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि इस मारपीट में सुनील और खेमचंद दोनों को चोट आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया तो चीन के नागरिक पुलिस से भी उलझ गए।

पुलिस ने विदेशी नागरिकों को किया गिरफ्तार 

मारपीट के मामले में पुलिस ने चीन के तीन नागरिक चांगचियोंग, लिशयलउंग, सियेफिंग को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उनके एक अन्य साथी बिहार के रहने वाले शशि भूषण को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की है।

ऑफिस से घर के लिए निकले थे सुनील

मूल रूप से पलवल के बागपुर गांव के रहने वाले सुनील परी चौक के पास अपना निजी ऑफिस चलाते हैं। बुधवार देर शाम ऑफिस का काम निपटाकर वह घर के लिए निकले थे। ऑफिस से निकलते ही कुछ दूर पर उनकी कार को इनोवा गाड़ी ने टक्कर मार दी। इनोवा में चीन के नागरिक बैठे हुए थे। सुनील ने इसका विरोध किया तो विदेशी नागरिकों ने सुनील और उनके साथी खेमचंद के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित पक्ष के लोगों का आरोप है कि घटना के दौरान चीन के नागरिक शराब के नशे में धुत थे। बीटा 2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button