
नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में उच्च अधिकारियों के फेरबदल किए गए हैं। कानून एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने गुरुवार को 5 शीर्ष अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है।
जारी सूची के मुताबिक, डीसीपी नोएडा रामबदन सिंह को अपर पुलिस आयुक्त यातायात बनाया गया है। यमुना प्रसाद को नोएडा डीसीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अन्य अधिकारियों के पदभार में भी बदलाव किया गया है। नोएडा पुलिस कमिश्नर ने जिले में कानून एवं व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस विभाग में पांच शीर्ष अधिकारियों के विभिन्न स्थानों पर फेरबदल किया है। नोएडा डीसीपी रहे रामबदन सिंह को अपर पुलिस आयुक्त यातायात के साथ एफआरआरओ शाखा और नारकोटिक्स शाखा का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
इनको यह मिली जिम्मेदारी
आईपीएस राजीव नारायण मिश्रा को गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में भेजने के बाद अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था के साथ रिट सेल का पर्यवेक्षक, डीसीपी यमुना प्रसाद को पुलिस लाइन से नोएडा डीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है। रविशंकर निम को डीसीपी हेड क्वार्टर के साथ अतिरिक्त प्रभार डीसीपी लाइन और प्रीति यादव को डीसीपी साइबर थाना के साथ महिला सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
पुलिस कमिश्नर ने यह कहा
आदेश जारी होने के बाद सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी ग्रहण करने का निर्देश पुलिस कमिश्नर की ओर से दिया गया है। नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अपराध और आपराधिक घटनाओं को रोकना हमारी पहली प्राथमिकता है।