अपराधएनसीआरनोएडा

नोएडा हिंसा का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: UP STF ने तिरुचापल्ली स्टेशन से पकड़ा, लगातार ठिकाने बदल रहा था आदित्य

नोएडा में मजदूरों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस और STF ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. शनिवार को एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने हिंसा के मास्टरमाइंड आदित्य आनंद को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है.

आदित्य आनंद पर नोएडा पुलिस कमिश्नर ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. नोएडा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी की मदद से आदित्य आनंद को तमिलनाडु के तिरुचापल्ली रेलवे स्टेशन से दबोचा.

आरोपी पिछले काफी समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए गौतमबुद्धनगर न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया था.

नोएडा पुलिस और एसटीएफ के मुताबिक, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में श्रमिक धरना-प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ और हिंसक घटनाओं में आरोपी आदित्य आनंद शामिल पाया गया. घटनाओं में इसकी भूमिका मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) के रूप में सामने आई.

इंजीनियर है आरोपी आदित्य आनंद

जानकारी के मुताबिक, आरोपी आदित्य आनंद ने एनआईटी (NIT) जमशेदपुर से बीटेक की पढ़ाई की है. वो एक हाई-एजुकेटेड इंजीनियर है, लेकिन पुलिस जांच में उसके तार एक अल्ट्रा लेफ्ट (उग्र वामपंथी) संगठन से जुड़े होने की बात सामने आ रही है.

जांच में ये भी खुलासा हुआ है कि आदित्य आनंद नोएडा में हुए प्रोटेस्ट के दौरान लगातार मौके पर मौजूद था. उसने बड़ी चालाकी से QR कोड के जरिए कई व्हाट्सएप ग्रुप बनाए थे, जिनमें हजारों प्रदर्शनकारियों को जोड़ा गया था. इन ग्रुप्स के जरिए वो भड़काऊ संदेश फैलाता था और लोगों को हिंसा के लिए उकसाता था.

पुलिस के मुताबिक, उसने लगातार भड़काऊ भाषण देकर शांति से हो रहे प्रदर्शन को हिंसक मोड़ देने की साजिश रची थी. घटना के बाद से ही आदित्य आनंद फरार चल रहा था और अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदल रहा था. नोएडा पुलिस के थाना फेस-2 में उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है.

दिल्ली-एनसीआर और यूपी में बड़े पैमाने पर छापेमारी

आदित्य आनंद की गिरफ्तारी के साथ ही यूपी एसटीएफ की रेड अभी थमी नहीं है. इस हिंसा की साजिश में शामिल अन्य लोगों की धरपकड़ के लिए दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के विभिन्न ठिकानों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की जा रही है. इस अभियान के दौरान एसटीएफ ने कई संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button