उत्तर प्रदेशराज्‍य

PM मोदी ने की कांग्रेस नेता अजय राय के स्वस्थ होने की कामना, मेदांता में चल रहा इलाज

वाराणसी: उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस के अध्‍यक्ष अजय राय की तबीयत शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान अचानक बिगड़ गई। उन्‍हें सीने में दर्द और बेचैनी की दिक्‍कत थी। हालत बिगड़ने पर उनको लखनऊ के मेदांता अस्‍पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्‍ट लिखकर अजय राय के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना की है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह पहला मौका है जब प्रधानमंत्री ने अजय राय को सोशल मीडिया पर सीधे टैग कर उनका हालचाल जाना है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने पोस्‍ट में लिखा है- ‘उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष अजय राय जी के अस्‍वस्‍थ होने का समाचार प्राप्‍त हुआ है। मैं उनके जल्‍द से जल्‍द स्‍वस्‍थ होने की कामना करता हूं।’ आपको बता दें कि अजय राय पीएम मोदी के खिलाफ बनारस से तीन लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। अजय राय नरेंद्र मोदी के लिए बेहद कटु आलोचना और तीखे टिप्पणियों के लिए खासे चर्चित हैं। सोशल मीडिया पर लोग प्रधानमंत्री की दलगत राजनीति से इतर संवेदनशीलता की खुलकर तारीफ कर रहे हैं।

तीन चुनावों में पीएम मोदी के खिलाफ ठोक चुके हैं तालअजय राय 2014, 2019 और 2024 लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ताल ठोक चुके हैं। हालांकि उन्‍हें हर बार हार का सामना करना पड़ा है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस मुख्‍यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अजय राय को सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई जिसके बाद वह बेहोश हो गए। तत्‍काल उनको मेदांता अस्‍पताल ले जाया या जहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है।

भाजपा से शुरू किया था अपना राजनीतिक करियर

अजय राय ने अपना राजनीतिक करियर भाजपा से ही शुरू किया था। 1996 से 2007 तक वह भाजपा से तीन बार विधायक रह चुके हैं। 2009 के उपचुनाव में निर्दलीय लड़कर चौथी बार विधायक बने। उन्‍होंने 2009 लोकसभा चुनाव में भाजपा से वाराणसी से टिकट मांगा। जब बात नहीं बनी तो वह सपा में चले गए। बनारस में उन्‍होंने सपा उम्‍मीदवार के तौर पर भाजपा उम्‍मीदार मुरली मनोहर जोशी को चुनौती दी पर असफल रहे। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए। 2012 के विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस की तरफ से पिंडरा सीट से खड़े हुए और जीत हासिल की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button