राष्ट्रीय

पश्चिम बंगाल: मालदा में नाव पर आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत, 15 घायल

कोलकाता। मालदा के पारलालपुर गंगा घाट पर मंगलवार को वज्रपात की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

सूत्रों के अनुसार, मुर्शिदाबाद के धुलियान गंगा घाट से लगभग 25 से 30 यात्रियों को लेकर एक यात्री नाव पारलालपुर घाट पहुंची थी। यात्री जैसे ही नाव से उतरकर घाट पर पहुंचे, अचानक मौसम ने करवट ली।

गंगा घाट पर वज्रपात का कहर

आसमान में काले बादल छा गए और तेज बारिश के साथ भीषण गर्जना शुरू हो गई। इसी दौरान एक जोरदार वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज धमाके के साथ हुए वज्रपात के बाद कई यात्री जमीन पर गिर पड़े। मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को पहले नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

कुछ घायलों को मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जबकि अधिकांश को शमशेरगंज के अनुपनगर ब्लाक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बाद में जंगीपुर महकमा अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान आसादुल्लाह शेख, अंसार शेख, एकरामुल शेख और कोची शेख के रूप में हुई है। सभी मृतक मालदा जिले के वैष्णवनगर थाना क्षेत्र के पारलालपुर इलाके के निवासी थे।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस हृदयविदारक घटना ने धुलियान और पारलालपुर दोनों इलाकों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button