उत्तर प्रदेशराज्‍य

स्मार्ट मीटर उपभाेक्ताओं के लिए अच्छी खबर, अब बैलेंस खत्म होने पर नहीं कटेगी बिजली; प्रीपेड रिचार्च पर छूट

गाजीपुर में स्मार्ट मीटर को लेकर लंबे समय से चल रही शिकायतों के बीच अब बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है. विभाग ने साफ किया है कि अब किसी भी उपभोक्ता की बिजली शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे के बीच नहीं काटी जाएगी. इसके अलावा रविवार या अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिन भी बिजली सप्लाई जारी रहेगी, भले ही मीटर का बैलेंस माइनस में क्यों न चला जाए.

अधीक्षण अभियंता गाजीपुर के अनुसार अब स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए कुछ जरूरी बदलाव लागू किए गए हैं. सबसे बड़ी राहत यही है कि रात के समय बिजली कटने की समस्या खत्म कर दी गई है. पहले कई लोगों की बिजली रात में अचानक चली जाती थी, जिससे काफी परेशानी होती थी, खासकर गर्मी के मौसम में.

अब नए नियम के तहत अगर आपका बैलेंस खत्म भी हो जाता है, तो भी शाम 6 बजे के बाद और सुबह 8 बजे से पहले बिजली नहीं काटी जाएगी. साथ ही छुट्टी के दिन भी बिजली सप्लाई चालू रहेगी.

पहले हो रही थी दिक्कत

गाजीपुर में करीब डेढ़ लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं. इन मीटरों के लगने के बाद कई उपभोक्ताओं को अचानक बिजली कटने की समस्या का सामना करना पड़ा. कई बार लोग रात में सो रहे होते थे और अचानक लाइट चली जाती थी.

जब लोगों ने जांच की तो पता चला कि स्मार्ट मीटर प्रीपेड सिस्टम पर काम करता है. यानी जैसे ही आपका बैलेंस खत्म होता है, बिजली अपने आप कट जाती है. यही वजह रही कि विभागीय कार्यालयों में उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ गई थी.

बिजली विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर किसी कारण से बिजली कट जाती है और उपभोक्ता तुरंत रिचार्ज कर देता है, तो आधे घंटे के अंदर सप्लाई बहाल कर दी जाएगी.

पहले कई मामलों में बिजली आने में एक-दो दिन तक लग जाते थे, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी. अब इस प्रक्रिया को तेज और आसान बना दिया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को ज्यादा इंतजार न करना पड़े.

मोबाइल मैसेज पर ध्यान देना जरूरी

विभाग ने यह भी कहा है कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह से डिजिटल सिस्टम पर काम करता है. इसलिए जब आपका बैलेंस कम होने लगता है, तो आपके मोबाइल पर लगातार मैसेज आते हैं.

कई लोग इन मैसेज को नजरअंदाज कर देते हैं और ध्यान तब देते हैं जब बिजली कट जाती है. ऐसे में विभाग की सलाह है कि जैसे ही लो बैलेंस का मैसेज मिले, तुरंत रिचार्ज करा लें ताकि बिजली कटने की नौबत ही न आए.

बिजली विभाग का यह फैसला उपभोक्ताओं के लिए राहत भरा है. खासकर रात में बिजली कटने की समस्या खत्म होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही छुट्टियों के दिन भी बिजली चालू रहने से आम लोगों की परेशानी काफी हद तक कम होगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button