उत्तर प्रदेशराज्‍य

राम मंदिर में दान की गिनती करने वाले 23 कर्मचारियों का अचानक इस्तीफा, क्यों फैसला

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नया मोड़ आ गया है। क्योंकि चढ़ावे की गिनती करने वाले 23 कर्मचारियों ने अचानक एक साथ इस्तीफा दे दिया है, जिससे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, बैंक और कर्मचारी मुहैया कराने वाली एजेंसी के लिए संकट खड़ा हो गया है। क्योंकि अब नई भर्तियां करनी पड़ेंगी, जो ऐन मौके पर संभव नहीं है। 23 कर्मचारियों के इस्तीफे के बाद बीते दिन सिर्फ 13 कर्मचारी गणना करने पहुंचे, जिससे गणना का काम बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

इस्तीफा देने वाले कर्मचारी ने बताया कि मंदिर में 2 शिफ्टों में दान गिनने का काम होता है। दान चोरी विवाद सामने आने के बाद 2 शिफ्ट खत्म करके एक कर दी गई और ड्यूटी का टाइम 6 से बढ़ाकर 9 घंटे कर दिया गया। अब सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक काम लिया जा रहा है। मेहनताना भी घटा दिया गया है, जबकि पहले ये 14755 रुपये महीना था। मेहनताना भी सभी को अलग-अलग दिया जा रहा है। इसके अलावा छुट्टियों की संख्या भी घट कम कर दी गई है।

बुधवार शाम काम करने के बाद एक साथ इस्तीफा

इस्तीफा देने वाले कर्मचारी ने बताया कि बुधवार शाम काम खत्म करने के बाद सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर इसका विरोध किया। कर्मचारियों ने काम के घंटे, पगार को पूर्ववत करने की मांग की। कर्मचारियों ने इसकी शिकायत एसबीआई तुलसी उद्यान शाखा, अयोध्या के अधिकारियों के साथ-साथ सैनिक सिक्योरिटी के सुपरवाइजर जयराम यादव से भी की। मगर उनकी मांग अस्वीकार कर दी गई।

इस पर भड़के उन लोगों ने जिम्मेदारों को मांग पत्र और 23 कर्मचारियों के हस्ताक्षरयुक्त सामूहिक इस्तीफे सौंप दिए। कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब गुरुवार सुबह काम पर इस्तीफा दे चुका कोई कर्मचारी नहीं आया तो हड़कंप मच गया। बैंक से लेकर ट्रस्ट और सैनिक एजेंसी तक सक्रिय हो गई।

जल्द नई भर्ती का प्रयास, सत्यापन में देरी संभव

बैंक से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को केवल 13 गणनाकर्मियों ने ही काम किया। इसका असर गणना कार्य पर पड़ा है। हालांकि, सभी स्तर पर यह प्रयास किया जा रहा है कि नए कर्मचारियों की जल्द से जल्द भर्ती कर ली जाए। मगर चढ़ावा चोरी कांड के बाद किसी भी कर्मचारी को बिना पर्याप्त सत्यापन नहीं रखा जा सकता है, इसलिए समय लगेगा।

वाराणसी की सैनिक एजेंसी के प्रभारी गौरव सिंह ने इसकी जानकारी से इनकार करते हुए शुक्रवार को प्रतिक्रिया देने की बात कही है। दूसरी ओर बैंक के एक कर्मचारी ने बताया कि इन कर्मचारियों को हटा दिया गया है। उसका कहना है कि अब इतने अधिक कर्मचारियों की जरूरत नही है।

ट्रस्ट अध्यक्ष से कार्यवाहक महामंत्री मिले

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन ने मणिराम छावनी मंदिर जाकर मुलाकात की। उनके साथ गोपाल राव भी मौजूद थे। पद मिलने के बाद पहली बार कृष्ण मोहन अध्यक्ष से मुलाकात करने के लिए मंदिर पहुंचे थे और एक घंटे तक विभिन्न मुद्दों पर वार्तालाप भी की । इस मुलाकात को भी इसी सामूहिक इस्तीफा प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button