गोरखपुर को 926 करोड़ की सौगात: CM योगी ने 226 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

गोरखपुर : सीएम योगी ने महानगर के विकास को गति देते हुए रविवार को 926 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 226 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. उन्होंने प्रदेश में सुपोषण मिशन के द्वितीय फेज का शुभारंभ होने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम भी गए. यहां हाकी में हाथ आजमाया. उन्होंने 2 बार गेंद को हॉकी स्टिक से गोल किया, जबकि सांसद रवि किशन गेंद को लेने के लिए दौड़ते दिखे. यहां खिलाड़ियों के साथ सीएम ने ग्रुप फोटो भी खिंचवाई. इससे पहले मुख्यमंत्री ने नवजात बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें दुलारा भी.
सीएम योगी ने कहा, यह ‘नए भारत’ का ‘नया उत्तर प्रदेश’ है, जो बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके, बिना झुके अपनी विरासत और आस्था का सम्मान करते हुए विकास, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है. यूपी अब विकास का मॉडल बन गया है.
उन्होंने कहा, 2017 के पहले महज 4 से 5 घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन अब 24 घंटे बिजली मिलती है. बिजली का विकल्प भी तैयार हुआ है और अब पीएम सूर्य घर योजना के तहत हर घर जगमगा रहे.
सीएम ने कहा, सबसे पहले हमने बीआरडी मेडिकल कॉलेज को स्वस्थ किया, उसके बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज ने इंसेफेलाइटिस जैसी घातक बीमारी का खात्मा किया, बदलते हुए देश का बदलता हुआ उत्तर प्रदेश है, विकास की नई गाथा के रूप में उभर रहा है.
गोरखपुर में पिकनिक स्थल के रूप में कई पर्यटक स्थल बनकर तैयार हो गए हैं. एक और पर्यटन स्थल चिलुआताल लोगों की पसंद बन रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 9 साल पहले के गोरखपुर को देखा है, अब गोरखपुर बदल गया है. पहले यहां बीमारी थी, मच्छर थे, माफिया थे, सड़कों पर जल जमाव था, बरसात में बाढ़ और नौजवानों के पास नौकरी नहीं थी, व्यापारियों की सुरक्षा नहीं थी, बेटी के लिए शिक्षा नहीं थी.
मुझे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ता था, बावजूद इसके चार से पांच घंटे बिजली ही मिल पाती थी. गोरखपुर का फर्टिलाइजर खाद कारखाना बदनुमा दाग था, लेकिन वही खाद कारखाना आज अन्नदाता किसानों के लिए उत्तम खाद उपलब्ध करा रहा है.
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर की सड़क चौड़ी हुई है, कनेक्टिविटी बढ़ी है और एक-एक पाई का काम हो रहा है. जवाब देही के साथ काम हो रहा है, गरीबों के आवास, शौचालय से गांव अच्छादित भी हो रहे हैं. आज गोरखपुर को पहचान का संकट नहीं है. देश दुनिया में आपकी पहचान है. यहां का नागरिक जब कहीं जाता है तो लोग जय श्री राम कह कर अभिवादन करते हैं.
सांसद रवि किशन ने कहा, मुख्यमंत्री 900 करोड़ से अधिक की सौगात लेकर आए हैं. ये सौगात ऐसी हैं, जो मैंने भी नहीं सोचा था. नहीं सोचा था कि ऐसा पवेलियन मिलेगा. रबर का मैट है, उसकी कीमत 7 करोड़ रुपए है, उस पर हॉकी खेलेंगे. हम गोरखपुर को स्पेन कहते हैं, तो मुख्यमंत्री हर 15 दिन में इसे स्पेन की दिशा में पहुंचा रहे हैं. सोच में जज्बा चाहिए. भाजपा हर जाति को सीने से लगाकर चलती है.



