मुरादाबाद में प्लास्टिक के पाइप गोदाम में लगी भीषण आग, काले धुएं के साथ उठ रहीं लपटें, लोग अंदर फंसे

मुरादाबाद। पंडित नगला बाईपास स्थित प्लास्टिक पाइप के गोदाम में गुरुवार की दोपहर साढ़े तीन बजे अचानक आग लगने से धुएं का गुबार उठने लगा। थोड़ी देर में ही गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं। जहरीले धुएं और आग की लपटों से आसपास घरों से निकलकर भाग गए।
सूचना मिलते ही फायर कर्मियों की टीम आग बुझाने के लिए पहुंची। बड़ा अग्निकांड होने की खबर मिलते ही जिलाधिकारी और एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए। गोदाम से आसपास 50 मीटर तक की दूरी वाले सभी मकानों को डीएम-एसएसपी ने खाली करा दिया।
फायर कर्मियों की टीम ने आग पर काबू कर लिया है। बुलडोजर की मदद से गोदाम की दीवार तोड़कर फायर कर्मियों की टीम ने अंदर प्रवेश किया। जनहानि होने की अभी कोई सूचना नहीं है। हालांकि गोदाम मालिक का लाखों का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
अचानक उठा जहरीला धुआं, लोग हुए बेहोश
शहर के बुधबाजार निवासी सचिन मित्तल पानी की टंकी और प्लास्टिक आदि का कारोबार करते हैं। बुधबाजार में उनका शोरूम है। वर्ष 2001 में सचिन ने पंडित नगला बाईपास पर गोदाम बनाया था।
गोदाम में पानी की टंकी और प्लास्टिक के पाइप आदि रखा रहता है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को दोपहर करीब 3:30 बजे गोदाम में अचानक आग लगने से धुएं का गुबार उठने लगा। धुंआ इतना जहरीला था कि आसपास में रहने वाले परिवारों को सांस लेना मुश्किल था।
धुएं से आसपास में रहने वाले कई लोग बेहोश भी हो गए। इससे अफरा-तफरी मच गई है। गोदाम से आग की लपटें उठने पर आसपास में रहने वाले परिवारों में दहशत है। जिलाधिकारी अनुज सिंह और एसएसपी सतपाल अंतिल अधिकारियों की टीम के मौके पर हैं।
फायर कर्मियों की मदद कर रही नगर निगम
कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह भी पहुंच गए हैं। बीस से अधिक एम्बुलेंस बुला ली गई हैं। नगर निगम की टीमें भी आग बुझाने में फायर कर्मियों की मदद कर रही हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पंडित नगला बाईपास को बंद कर दिया गया है। अभी गोदाम की आग पूरी तरह से बुझ नहीं पाई है।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। प्लास्टिक के पाइप और टंकी गोदाम में रखी थीं। उनके कारण आग ने भयंकर रूप ले लिया था। फायर कर्मियों की टीमें लगी हैं। जनहानि की कोई सूचना नहीं है।