उत्तर प्रदेशराज्‍य

यूपी चुनाव 2027: अपराध-अपराधियों के खिलाफ बेहद गंभीर होगी समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव ने किया एलान

लखनऊ। यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर सपा पर अक्सर ही सवाल उठते रहे हैं। माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप भी अखिलेश यादव पर लगता रहा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव अब सीएम योगी की राहत पर चल पड़े हैं। अखिलेश यादव ने अपने मेनिफेस्टों में माफियाओं पर कार्रवाई का वादा भी किया है। सपा मुखिया अखिलेश ने कहा है कि मैं वचन देता हूं किसी भी कीमत पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, महिलाओं के विरुद्ध अपराध बर्दाश्त नहीं करूंगा। अपराधी चाहे किसी भी जाति या पार्टी का हो। उन्होंने कहा कि किसी भी माफिया को किसी जमीन पर कब्जा करने नहीं दिया जाएगा। जमीन कब्जाने वालों पर तत्काल कार्रवाई के लिए विशेष एसटीएफ का गठन किया जाएगा।

संविधान दिवस पर गुरुवार को संकल्प पत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा है कि पीडीए के लोग अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। किसानों, युवाओं, नौजवानों, महिलाओं, कर्मचारियों सभी वर्गों से किए गए वादे पूरे होंगे। ऐसी भ्रष्टाचार मुक्त प्रणाली विकसित करेंगे कि पेपर लीक समस्या ही न उत्पन्न होने पाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी और मंत्री व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे। हमारी सरकार जातिगत जनगणना प्रदेश में शुरू करेगी, जिससे अलग-अलग जातियों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति की जानकारी हो पाए।

कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाएगी सपा

समाजवादी पार्टी कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाएगी। पीडीए सरकार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगी। इनके प्रति जीरों टॉलरेंस नीति का पालन करेगी। पीडीए सरकार किसी भी प्रकार का दंगा जाति एवं धर्म के आधार पर नहीं होने देगी। प्रदेश भर में किसी भी माफिया एवं गुंडों को पनपने नहीं दिया जाएगा। उनके विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। साइबर क्राइम कंट्रोल के लिए सभी जिलों में साइबर यूनिट स्थापित की जाएगी। सभी प्रमुख शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए व्यापक सुधार एआई टेक्नोलॉजी से कराया जाएगा। यूपी पुलिस के सभी खाली पदों को भरा जाएगा।

महिलाओं को नई रिक्तियों में मिलेगा 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व

उन्होंने कहा, महिलाओं को नई रिक्तियों में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। 1090 की व्यवस्था को पुनः सुदृढ़ करके महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। अखिलेश ने कहा कि कर्मचारियों के लिए 2005 के पूर्व की कुल पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से लागू किया जाएगा। आउटसोर्सिंग की व्यवस्था समाप्त की जाएगी। किसी भी हालत में किसी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की सभी सुविधाओं को नागरिकों के घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। महंगाई नियंत्रण के लिए प्रमुख शहरों एवं कस्बों में ‘दाम बांधो बाजार’ खोले जाएंगे।

सामाजिक न्याय का राज लाने का संकल्प

अखिलेश ने कहा, हम पीडीए के लोग उत्तर प्रदेश को एक सम्पूर्ण सुख सम्पन्न समाजवादी पंथ निरपेक्ष लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित व प्रेम, दया, अपनापन के सौहार्दपूर्ण गुणों से परिपूर्ण एक समावेशी सकारात्मक राज्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। हम अपने समस्त प्रदेशवासियों की खुशहाली और तरक्की के लिए सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक न्याय को बिना किसी भेदभाव के सबके लिए बराबरी से सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक न्याय का राज लाने का संकल्प लेते हैं। इस मौके पर मोहम्मद आजम खां, शिवपाल सिंह यादव, डिम्पल यादव, अवधेश प्रसाद, हरेंद्र मलिक, इकरा हसन, लालजी वर्मा, माता प्रसाद पांडेय, जासमीर अंसारी, राजेंद्र चौधरी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button