
देहरादून। देहरादून में भाजपा पार्षद के घर घरेलू सहायक द्वारा खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश करने और लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पार्षद अमिता सिंह को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम सिंह की हालत ठीक बताई जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास रहने वाली भाजपा पार्षद अमिता सिंह की बेटी मेघ ने करीब 20 दिन पहले दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए बुलाया था।
भोजन में मिलाया नशीला पदार्थ
आरोप है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोशी की हालत में पहुंच गए। इसी दौरान आरोपित घर में रखे सोने के आभूषण लेकर अपने अन्य साथियों के साथ फरार हो गया। परिवार के सदस्यों को होश आने पर घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपित और उसके संभावित साथियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने घरेलू सहायक की पहचान और उसके संपर्कों की भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
पहले भरोसा जीता, फिर वारदात का आरोप
करीब 20 दिन पहले ही घर में काम पर रखे गए घरेलू सहायक पर परिवार को नशीला पदार्थ खिलाने का आरोप है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात पहले से सुनियोजित थी या मौके का फायदा उठाकर अंजाम दी गई। साथ ही फरार आरोपित के साथियों और चोरी किए गए आभूषणों के बारे में भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।
पार्षद के घर नौकर समेत पांच आरोपितों ने दिया घटना को अंजाम
देहरादून। बसंत विहार इलाके में पार्षद अमिता सिंह के घर नौकरी ने पूरी साजिश के साथ घटना को अंजाम दिया। घटना के समय नौकर ने अपने साथ चार साथियों को भी बुलाया। पांचों ने पार्षद के घर घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पांचों आरोपित घर से निकालते हुए सीसीटीवी में भी कैद हुए हैं।


