उत्तर प्रदेशराज्‍य

यूपी कैबिनेट बैठक आज: पीआरडी जवानों का भत्ता बढ़ेगा, किसानों और दुकानदारों को भी मिलेगी राहत

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है. इस बैठक में कुल 18 महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाएंगे, जिन पर सरकार की मुहर लगने की पूरी संभावना है. शासन की तरफ से सोमवार शाम को ही इस बैठक का पूरा एजेंडा जारी कर दिया गया था. इस फैसले से प्रदेश के विभिन्न वर्गों और कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

पीआरडी जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी की उम्मीद: कैबिनेट बैठक में प्रांतीय रक्षक दल यानी पीआरडी जवानों को एक बड़ी खुशखबरी मिल सकती है. सरकार उनके मानदेय में बढ़ोतरी करने का बड़ा फैसला ले सकती है, जिससे करीब 40 हजार जवानों को फायदा होगा. मानदेय बढ़ाने के अलावा सरकार पीआरडी जवानों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा देने पर भी विचार कर रही है. इसके साथ ही उचित दर राशन दुकानों के कोटेदारों को 25 रुपये प्रति कुंतल अतिरिक्त मार्जिन देने का प्रस्ताव भी शामिल है.

खिलौना उद्योग और बस स्टैंड निर्माण को मिलेगी मंजूरी: प्रदेश में खिलौना निर्माण को बढ़ावा देने के लिए नई खिलौना प्रोत्साहन नीति को मंजूरी दी जा सकती है. इसके तहत राज्य में नई फैक्ट्री लगाने वाले उद्यमियों को विशेष सब्सिडी और रियायतें दी जाएंगी. इसके अलावा सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ व बढ़नी तथा हरदोई के सवाईपुर में नया बस स्टैंड बनाने के लिए जमीन हस्तांतरित की जाएगी. साथ ही मथुरा की छाता शुगर मिल में नया एथेनॉल प्लांट लगाने और 10 साल तक की किराएदारी पर स्टांप शुल्क में छूट का प्रस्ताव भी रखा जाएगा.

अयोध्या में बनेगा एनएसजी का नया क्षेत्रीय केंद्र: राज्य में कानून-व्यवस्था और न्याय प्रणाली को मजबूत करने के लिए पहले चरण में 90 नई अदालतें बनाने का प्रस्ताव है. अयोध्या में एनएसजी का क्षेत्रीय केंद्र स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार को 65 एकड़ जमीन मुफ्त दी जाएगी. किसानों को राहत देने के लिए लघु और सीमांत किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालिक कर्ज 6 प्रतिशत ब्याज दर पर देने की योजना है. इन सभी जनहितकारी प्रस्तावों पर कैबिनेट की बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button