
नोएडा : नाव में रस्सी बांधते समय नदी में डूबे दो युवक,रेस्क्यू ऑपरेशन जारी,दो युवकों के डूबने की सूचना से इलाके में कोहराम मच गया,19 वर्षीय शिव राजपूत और 20 वर्षीय सौरव नाव में रस्सी बांधने के दौरान नदी में डूब गए,दोनों युवक बुलंदशहर के रहने वाले बताए जा रहे,सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ SDRF, NDRF और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस और राहत टीमों की ओर से दोनों युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
नोएडा के बहलोलपुर में हिंडन नदी में नाव बांधने के दौरान दो युवक गहरे पानी में डूब गए. घटना के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.थाना बिसरख क्षेत्र में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई. पानी के तेज बहाव और गहराई में लापता युवकों की तलाश के लिए स्थानीय पुलिस के साथ NDRF, SDRF और फायर सर्विस की टीमें फौरन मौके पर उतरीं. बोट्स और गोताखोरों की मदद से सघन तलाशी अभियान लगातार चलाया जा रहा है.
डूबे युवकों की पहचान बुलंदशहर निवासी शिव राजपूत (19 वर्ष) और सौरव (20 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों युवक वर्तमान में यूसुफपुर चक, थाना बिसरख क्षेत्र में रह रहे थे.
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, दोनों युवक नदी किनारे खड़ी नाव में रस्सी बांधने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में समा गए.घटनास्थल पर पुलिस के उच्चाधिकारी मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी मुस्तैदी से चलाया जा रहा है. पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई भी की जा रही है.
डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा का बयान
थाना बिसरख पर सूचना प्राप्त हुई कि शिव राजपूत पुत्र नरेंद्र निवासी गांव हाजीपुर, थाना स्याना, बुलंदशहर वर्तमान पता यूसुफपुर चक, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर, उम्र लगभग 19 वर्ष और सौरव पुत्र निरंजन निवासी गांव बिजलीपुर, थाना खुर्जा, बुलंदशहर र्तमान पता यूसुफपुर चक, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर, उम्र लगभग 20 वर्ष, नाव में रस्सी बांधने के दौरान नदी में डूब गए हैं. सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस, SDRF/NDRF, फायर सर्विस टीम व उच्चाधिकारीगण मौके पर मौजूद है. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.- शैलेंद्र कुमार सिंह डीसीपी, सेंट्रल नोएडा



