अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडाराष्ट्रीय

ग्रेटर नोएडा में ईकोटेक-3 की इलेक्ट्रॉनिक चिप कंपनी में लगी आग, दीवार गिरने से 2 फायरकर्मियों की मौत; 3 घायल

ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग बुझाने के दौरान दीवार और बीम गिरने से पांच फायरकर्मी मलबे में दब गए। हादसे में दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात आईएलजीआईएम कंपनी में आग लगने की सूचना मिली।

कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम होता है। सूचना पर ईकोटेक-3 पुलिस और फायर सर्विस की टीम कई दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग बुझाने के दौरान कंपनी की साइड की एक दीवार और लोहे का बीम अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे की चपेट में आने से फायर सर्विस के मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस और अन्य दमकलकर्मियों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को मलबे से निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार तीनों की हालत खतरे से बाहर है।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मलबे में किसी अन्य के दबे होने की आशंका पर एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने राहत-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button