उत्तर प्रदेशराज्‍य

‘हंगामा नहीं, संवाद करें’, मॉनसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक में बोले CM योगी

 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार से शुरू हो रहे विधानमंडल के मानसून सत्र के मद्देनजर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधानसभा तथा विधान परिषद सदस्यों से जनहित से जुड़े सभी मुद्दों को सदन में उठाने और स्वस्थ चर्चा के माध्यम से प्रदेश के विकास को गति देने में सहयोग करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से विपक्षी दलों से सदन की कार्यवाही के सुचारु संचालन में सहयोग करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। यह बैठक सोमवार से शुरू हो रहे विधानमंडल के मानसून सत्र के सुचारु संचालन के संबंध में बुलाई गई थी।

लोकतंत्र में संवाद का विशेष महत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में संवाद का विशेष महत्व है और विधानमंडल जनप्रतिनिधियों को संवाद का प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि सदन में होने वाली सार्थक चर्चा से जनहितकारी परिणाम सामने आते हैं। सीएम योगी ने आगे कहा कि पिछले नौ सालों में उत्तर प्रदेश विधानसभा ने संसदीय कार्यप्रणाली का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिसकी देशभर में सराहना हुई है। इससे लोकतांत्रिक परंपराएं मजबूत हुई हैं और सदन स्वस्थ एवं रचनात्मक चर्चा के लिए जाना जाता है। उन्होंने इसका श्रेय सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और सदस्यों को दिया

आमजन से जुड़े मुद्दों पर गंभीर और सकारात्मक चर्चा

मुख्यमंत्री ने बताया कि मानसून सत्र में आमजन से जुड़े मुद्दों पर गंभीर और सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए। इससे प्रदेश के विकास को गति मिलेगी और जनता की समस्याओं के समाधान का मार्ग भी प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दे को गंभीरता से सदन में उठाएं। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सभी दलों के सदस्यों से सदन के सुचारु संचालन में सहयोग की अपील की।

बैठक में कौन-कौन रहा मौजूद?

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक में विधान परिषद में नेता सदन एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’, निषाद पार्टी विधानमंडल दल के नेता रमेश सिंह, अपना दल (एस) के आर.के. पटेल तथा राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल बालियान सहित विभिन्न दलों के नेता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button