अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में 15 लाख की लूट करने वाले बदमाश गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

ग्रेटर नोएडा: ग्रेनो की पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के विला में हुई 15 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश पहले से ही पॉश इलाकों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही घरों को निशाना बनाते थे. पुलिस ने इस लूट में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें से दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हैं. पूछताछ में गैंग के वारदात करने के तरीके का भी खुलासा हुआ है.

पुलिस के मुताबिक, थाना सूरजपुर पुलिस तिलपता गोलचक्कर के पास वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान दिल्ली नंबर की एक टैक्सी कार वहां पहुंची. पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भगाना शुरू कर दिया. पुलिस टीम ने जब कार का पीछा किया तो उसमें सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. कुछ दूरी आगे जाकर बदमाश कार छोड़कर जंगल की ओर भाग गए. इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया.

जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल

पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाशों ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़े. घायल बदमाशों की पहचान वीरपाल और विजयपाल के रूप में हुई है. दोनों मूल रूप से कासगंज जिले के सोरों थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में सूरजपुर इलाके में किराये पर रह रहे थे.

जंगल में छिपे दो साथियों को भी पकड़ा

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जंगल में सर्च अभियान चलाया. इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे उनके दो अन्य साथियों अर्जुन कश्यप और अवधेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. जांच में सामने आया कि सभी आरोपी एक ही गैंग से जुड़े हुए हैं और पिछले कुछ समय से सूरजपुर इलाके में रहकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे.

दिन में करते थे रेकी, रात में घरों में करते थे लूट

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वारदात से पहले इलाके की पूरी जानकारी जुटाते थे. दिन के समय वह पॉश कॉलोनियों और सुनसान इलाकों की रेकी करते थे. इसके बाद रात में ऐसे घरों को निशाना बनाते थे, जहां उन्हें चोरी या लूट करने का मौका मिल सके. पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद बचने के लिए आरोपी टैक्सी या अन्य वाहनों का इस्तेमाल करते थे, ताकि उन पर किसी को शक न हो. गैंग के सदस्य पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम देते थे.

चार जुलाई को विला में हुई थी लूट

बता दें कि ग्रेटर नोएडा स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के एक विला में चार जुलाई की देर रात लूट की वारदात हुई थी. आरोप है कि एक बदमाश घर में घुसा था और महिला को चाकू की नोक पर लेकर लूटपाट की थी. इस घटना में करीब 15 लाख रुपये के सामान की लूट की बात सामने आई थी. महिला ने पुलिस को बताया था कि वारदात के समय घर में एक ही बदमाश दाखिल हुआ था. अब पुलिस ने इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आगे की जांच में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग ने इससे पहले किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है. ताकि इस गैंग से जुड़े तार का खुलासा हो सकें.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button