अपराधएनसीआरनोएडा

नोएडा में कैब ड्राइवर की घिनौनी हरकत, युवती को कब्रिस्तान के पास उतारकर दी दुष्कर्म की धमकी

नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा सेक्टर-39 थाने में एक कैब चालक के खिलाफ महिला से अभद्र व्यवहार करने, उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और दुष्कर्म की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक डी.पी. शुक्ल ने बताया कि सेक्टर-100 स्थित ‘लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी’ निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि उसने 25 जून की शाम ‘रैपिडो’ ऐप के माध्यम से नोएडा से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक कैब बुक की थी।

कैब चालक की पहचान अमित कश्यप के रूप में हुई है।

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि कार में बैठते ही चालक ने उससे अनुचित तरीके से बातचीत करने की कोशिश की और रास्ता बदलने का प्रयास किया।

पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर चालक ने गार्डन गैलेरिया मॉल के पास वाहन रोक दिया और उसे बीच रास्ते में छोड़कर चला गया।

शिकायत के अनुसार, महिला ने इसके बाद दूसरी कैब बुक कर रेलवे स्टेशन पहुंचने का प्रयास किया लेकिन तब तक उसकी ट्रेन छूट चुकी थी।

महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान चालक ने उसे दो बार फोन किया, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और दुष्कर्म करने तथा उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी।

महिला ने यह भी दावा किया कि उसने घटना की शिकायत ‘रैपिडो’ से भी की थी, लेकिन कंपनी की ओर से चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस के अनुसार, महिला ने चालक के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान और भयभीत है।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी कैब चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button